मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की और गायों की सेवा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें हर हाल में गायों की रक्षा करनी है। इसके साथ ही उनकी नस्ल में सुधार करके पशुपालकों को समृद्धि के पथ पर अग्रसर करना है। इसके बाद उन्होंने ‘जनता दर्शन’ में आम लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को उनके जल्द समाधान के निर्देश दिए हैं।
गायों की पूजा कर लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में वैदिक मंत्रों के साथ गोवर्धन पूजा की। इसके साथ ही उन्होंने गायों और गोवंशों को माला पहनाई, तिलक लगाया, गौमाता का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथों ने गायों और गोवंशों को गुड़ और केला खिलाया। इस दौरान उन्होंने गायों का नाम पुकारते हुए उन्हें पुचकारा और खूब दुलार किया।
प्रदेश में चला रही हैं 7,700 से ज्यादा गौशालाएं
पूजा के बाद सीएम योगी ने मीडिया से बातचीत के दौरान सभी लोगों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में सरकार 7,700 से ज्यादा गौशालाएं चला रही है, जिनमें 16 लाख से अधिक बेसहारा गायों की देखभाल की जा रही है।
गौसंरक्षण और गौसंवर्धन राज्य सरकार की 3 योजनाएं
1. निराश्रित गौआश्रय स्थल योजना
इसके योजना के तहत सरकार बेसहारा गायों के रहने और देखभाल के लिए गौआश्रय स्थल संचालित कर रही है।
2. सहभागिता योजना
कोई भी किसान गौआश्रय स्थल से अधिकतम 4 गाय ले जाकर उनकी देखभाल करता है। तो, सरकार हर गाय के लिए हर महीने 1,500 देगी। यानी किसान को 4 गायों पर हर महीने 6,000 रुपये मिल सकते हैं।
3. कुपोषित परिवारों के लिए योजना
इसके तहत कुपोषित परिवारों को दूध पीने के लिए गौआश्रय स्थल से एक-एक ब्याई हुई गाय दी जाती है। साथ ही हर गाय के पालन-पोषण के लिए परिवार को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाते हैं। इससे परिवार को भी लाभ मिलेगा।
गो ग्रास परंपरा को अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत एक कृषि और ऋषि का देश है, जिसकी आत्मा गाय है। हमारी प्राचीन परंपरा में गाय और गोवंश को हमेशा से सबसे ऊंचा स्थान दिया गया है। दीपावली के बाद गोवर्धन पूजा भी इसी परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने आगे कहा कि गाय सिर्फ एक पशु नहीं, बल्कि जीवन और समृद्धि का खजाना है। धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष इन चारों पुरुषार्थों को पाने का सबसे बड़ा साधन गोसेवा ही है।
इसके साथ ही उन्होंने गो ग्रास परंपरा को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पहला ग्रास गाय का और आखिरी ग्रास श्वान का होता है, तो आप उनके हिस्से निकालते हैं तो ये बड़ा सेवा कार्य होगा। उन्होंने कहा कि अगर आप खुद गाय नहीं पाल सकते, तो गोशाला में जाकर गोसेवा कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App




