10 महीने में टाटा मोटर्स ने तोड़ा 2025 का रिकॉर्ड, पंच और नेक्सॉन की सबसे ज्यादा बिक्री ने बनाया नया रिकॉर्ड

Summary :

टाटा मोटर्स ने जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच 6.49 लाख गाड़ियों की बिक्री कर 2025 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। कंपनी की इस सफलता में पंच और नेक्सॉन का सबसे बड़ा योगदान रहा। कुल बिक्री में SUV की हिस्सेदारी 83 % रही, जबकि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग भी बढ़ी है।

भारतीय ऑटो बाजार में टाटा मोटर्स के लिए साल 2026 अच्छा साबित हो रहा है। कंपनी ने इस साल अपनी कई गाड़ियों को नए फीचर्स और बदलावों के साथ लॉन्च किया है। इसका फायदा अब गाड़ियों की बिक्री में भी देखने को मिल रहा है। टाटा मोटर्स ने जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच ही पूरे साल 2025 से ज्यादा गाड़ियां बेच दी हैं। खास बात यह है कि साल खत्म होने में अभी दो महीने बाकी हैं। ऐसे में कंपनी की बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  टाटा मोटर्स ने जनवरी से अक्टूबर 2026 तक कुल 6,49,477 गाड़ियां बेची हैं। वहीं, साल 2025 में कंपनी ने पूरे साल में 5,73,007 गाड़ियों की बिक्री की थी। इस तरह टाटा मोटर्स ने पिछले साल की कुल बिक्री का आंकड़ा सिर्फ 10 महीनों में ही पार कर लिया है। अभी नवंबर और दिसंबर की बिक्री के आंकड़े आने बाकी हैं। नवंबर में त्योहारों के चलते गाड़ियों की खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, दिसंबर में भी कंपनी को अच्छी बिक्री की आस है। अगर बिक्री का यही सिलसिला जारी रहा तो टाटा मोटर्स साल 2026 में अपना नया रिकॉर्ड बना सकती है।

पंच और नेक्सॉन बनीं कंपनी की सबसे बड़ी ताकत

  • टाटा मोटर्स की बिक्री बढ़ाने में उसकी SUV का बड़ा हाथ है। कंपनी की कई SUV को कस्टमर्स  पसंद कर रहे हैं। इस साल टाटा पंच और नेक्सॉन सबसे ज्यादा बिकने वाली गाड़ियों में शामिल हैं।
  • जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच टाटा पंच की 1,82,269 यूनिट्स बिकीं। वहीं, टाटा नेक्सॉन की 1,74,524 यूनिट्स की बिक्री हुई। इसके अलावा टाटा सिएरा को भी कस्टमर्स का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कंपनी अब तक इस मॉडल की 62,574 यूनिट्स बेच चुकी है।
  • इन आंकड़ों से पता चलता है कि टाटा की SUV कस्टमर्स को काफी पसंद आ रही हैं। खासकर पंच और नेक्सॉन कंपनी की बिक्री बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

टियागो से लेकर सफारी तक

टाटा मोटर्स की छोटी कार टियागो की बिक्री में भी सुधार देखने को मिला है। कंपनी ने जनवरी से अक्टूबर के बीच इसकी 62,512 यूनिट्स बेची हैं। इस साल टियागो को अपडेट भी किया गया था।

वहीं कंपनी की दूसरी गाड़ियों की बिक्री के आंकड़े इस प्रकार हैं:

  • टाटा हैरियर: 27,915 यूनिट्स
  • टाटा अल्ट्रोज: 24,332 यूनिट्स
  • टाटा कर्व: 16,070 यूनिट्स
  • टाटा सफारी: 14,801 यूनिट्स
  • टाटा टिगोर: 8,190 यूनिट्स
  • टाटा एरिस: 2,406 यूनिट्स

इन आंकड़ों से पता चलता है कि टाटा मोटर्स की अलग-अलग कैटेगरी की गाड़ियों को बाजार में कस्टमर्स  मिल रहे हैं। कंपनी के SUV मॉडल के साथ छोटी कारों की बिक्री भी उसके कुल कारोबार को आगे बढ़ाने में मदद कर रही है।

कुल बिक्री में 83 % हिस्सेदारी SUV की

  • टाटा मोटर्स की कुल पैसेंजर व्हीकल बिक्री में SUV का योगदान सबसे ज्यादा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की कुल बिक्री में SUV की हिस्सेदारी करीब 83 % है।
  • पंच और नेक्सॉन जैसे मॉडल इस सेगमेंट में कंपनी की स्थिति मजबूत कर रहे हैं।
  • एसयूवी के अलावा इलेक्ट्रिक कारों के बाजार में भी टाटा मोटर्स की अच्छी पकड़ बनी हुई है।
  • कंपनी देश में इलेक्ट्रिक कार बेचने वाली प्रमुख कंपनियों में शामिल है। रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, टाटा मोटर्स ने 2026 में अब तक करीब 1,24,792 इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री की है।

आगे भी जारी रह सकती है बिक्री में तेजी

  • टाटा मोटर्स के लिए 2026 के शुरुआती 10 महीने काफी मजबूत रहे हैं। कंपनी ने अपने पुराने सालाना बिक्री आंकड़े को पहले ही पीछे छोड़ दिया है।
  • इसके पीछे अपडेटेड मॉडल, SUV की बढ़ती मांग और इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री अहम वजह मानी जा रही हैं।
  • अब सभी की नजर नवंबर और दिसंबर की बिक्री पर रहेगी।
  • अगर त्योहारों के दौरान गाड़ियों की मांग बनी रहती है, तो टाटा मोटर्स साल 2026 का अंत एक नए बिक्री रिकॉर्ड के साथ कर सकती है।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।