दिवाली पर आगरा में आग का तांडव, जूता फैक्ट्री-फल की दुकान समेत कई जगह लगी आग

Summary :

दीवाली की रात आगरा में आतिशबाजी के कारण कई जगह आग लगने की घटनाएँ सामने आईं। जगदीशपुरा इलाके की लक्ष्मी नगर कॉलोनी में एक जूते की फैक्ट्री में आतिशबाजी की चिंगारी से आग भड़क उठी, जिससे केमिकल और चमड़े का सामान जल गया।

दिवाली की रात हुई आतिशबाजी की वजह से कई जगह आग लगने की घटनाएं हुईं। आगरा के जगदीशपुरा इलाके की लक्ष्मी नगर कॉलोनी में एक जूता फैक्ट्री, बिचपुरी रेलवे स्टेशन के पास फल की दुकान और मकानों में आग लग गई। गनीमत रही कि समय पर दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं और आग पर काबू पा लिया गया। इन दोनों जगह कोई जनहानि नहीं हुई है।

जूते फैक्ट्री में आतिशबाजी की चिंगारी से भड़की आग

पहली घटना लक्ष्मी नगर कॉलोनी स्थित जूते फैक्ट्री में हुई। फैक्ट्री का मालिक दो दिन पहले ही फैक्ट्री बंद करके घर चला गया था और दिवाली की वजह से फैक्ट्री बंद थी। तभी रात को आतिशबाजी की चिंगारी फैक्ट्री में जा गिरी। जिस वजह से वहां रखे केमिकल और चमड़े के सामान ने आग पकड़ ली। धीरे-ढेरे फैक्ट्री से आग की ऊंची-ऊंची लपटे उठने लगी, हर तरफ धुएं का गुबार छा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि अब जांच चल रही है कि इस हादसे में कितने माल का नुकसान हुआ है।

फल की दुकान जलकर राख

बिचपुरी रेलवे स्टेशन के पास आतिशबाजी की वजह से एक फल की दुकान में आग भड़क उठी। आग इतनी भयानक थी कि व्यापारी का सब कुछ जलकर राख हो गया। वहीं, आवास विकास कॉलोनी के एक मकान में भी आग लगने की खबर सामने आई है। राहत की बात ये रही कि दमकल कर्मियों ने समय रहते बुझा लिया और बड़ा हादसा टल गया।

दिवाली की रात हुए इतने हादसों की वजह से दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के लिए इधर से उधर दौड़ते रहे। इन हादसों से यह साफ हो गया है कि त्योहारों पर आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे किसी की जान नहीं गई, वरना कोई बड़ा नुकसान भी हो सकता था।

Also Read: नरेला में दिवाली पर बच्चे के पेट में घुसा रॉकेट, 10 साल के मासूम की मौत

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।