बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने दिसंबर में अपने देश वापस लौटने का फैसला किया है। इसके लिए उन्होंने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी दूतावास से अपना नया पासपोर्ट और पहचान पत्र बनवाने की मांग की है। वह अगस्त 2024 में हुए विद्रोह के बाद सत्ता छोड़कर भारत आ गई थी।
वकीलों ने बांग्लादेशी दूतावास को सौंपा पत्र
शेख हसीना ने दिसंबर में अपने देश वापस लौटने और कोर्ट में सरेंडर करने का फैसला किया है। रॉयटर्स के मुताबिक, शेख हसीना के वकीलों ने सोमवार को नई दिल्ली में बांग्लादेशी दूतावास को एक पत्र दिया, जिसमें उन्हें वापस लौटने के लिए नया पासपोर्ट और पहचान पत्र जल्द देने की मांग की गई है। क्योंकि वहां की सरकार ने उनके पुराने डाक्यूमेंट्स रद्द कर दिए हैं। हालांकि, पिछले साल कोर्ट से सजा मिलने की वजह से उनकी इस वापसी से देश में नया विवाद या तनाव पैदा हो सकता है।
कोर्ट ने सुनाई थी मौत की सजा
आपको बता दें कि ढाका की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल (ICT) अदालत ने 17 नवंबर 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और हत्याओं के मामले में दोषी मानते हुए मौत की सजा सुनाई थी, हालांकि भारत में रहते हुए उन्होंने इन सभी आरोपों से इनकार किया है।
क्यों में भारत में शरण लेने को मजबूर हुई शेख हसीना?
बांग्लादेश में यह पूरा विवाद जून 2024 में सरकारी नौकरियों में 30% आरक्षण के विरोध से शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह छात्रों का आंदोलन पूरे देश में फैल गया। इस आंदोलन को दबाने के लिए शेख हसीना सरकार ने पुलिस और अपनी पार्टी के लोगों को मैदान में उतार दिया, इंटरनेट बंद कर दिया और कर्फ्यू लगा दिया। इस दौरान पुलिस की गोली से कई छात्रों की मौत हो गई, जिसके वीडियो वायरल होने के बाद पूरा देश सड़कों पर उतर आया।

हालात इतने बिगड़ गए कि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा और वे देश छोड़कर भारत आ गईं। इसके बाद उनकी पार्टी ‘अवामी लीग’ को भी बांग्लादेश में बैन कर दिया गया। हालांकि अब उन्होंने खुद अपने स्वदेश लौटने और कोर्ट में सरेंडर करने का फैसला लिया है।


Download Android App
Download iOS App




