लखनऊ, 9 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में अयोध्या स्थित राम मंदिर और सनातन धर्म को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मंत्री दयाशंकर सिंह ने निशाना साधा है। भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव पर चुनावी लाभ के लिए सनातन संस्कृति और हिंदू समाज का समर्थन करने का दिखावा करने का आरोप लगाया। साथ ही, राम मंदिर में दर्शन और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर भी सवाल उठाए।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कभी भी सच्चे मन से सनातन धर्म को नहीं अपनाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव आगामी चुनावों में वोट हासिल करने के लिए सनातन संस्कृति और हिंदुओं का समर्थन करने का दिखावा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को हिंदुओं के कल्याण से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की राजनीति तुष्टीकरण, वोट बैंक और जातिगत समीकरणों पर आधारित है। पार्टी के पास आम लोगों के कल्याण के लिए कोई ठोस योजना नहीं है।
वहीं, सपा सांसद सनातन पांडेय के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के तहत इस तरह के बयान देती है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति निहत्थे लोगों पर गोली चलाने की विचारधारा को स्वीकार नहीं करती।
पाठक ने आरोप लगाया कि सपा एक तरफ हिंदू वोट हासिल करना चाहती है और भगवान श्रीराम की शरण में जाना चाहती है जबकि दूसरी तरफ उसकी राजनीति तुष्टीकरण पर आधारित है। सपा नेता सच्चे मन से भगवान राम और हनुमान के भक्त नहीं हो सकते।
इस बीच, प्रदेश सरकार के मंत्री दया शंकर सिंह ने भी अखिलेश यादव को राम मंदिर जाकर दर्शन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव अयोध्या जा रहे हैं, तो उन्हें मंदिर में दर्शन कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना के लिए भगवान श्रीराम से क्षमा मांगनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव समुदाय विशेष के वोट हासिल करने के कारण मंदिर जाने से बच रहे हैं। उन्हें डर है कि राम मंदिर जाने से उनका वोट बैंक प्रभावित हो सकता है। उन्होंने अखिलेश यादव के भगवान श्रीकृष्ण का वंशज होने संबंधी दावों का भी उल्लेख करते हुए सवाल उठाए।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



