Nag Panchami Upay 2026: सावन के महीने में शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को नाग पंचमी का त्योहार मनाया जाता है। इस बार यह खास दिन आज यानी 17 अगस्त, सोमवार को मनाया जा रहा है। माना जाता है कि इस दिन पूजा करने से भगवान शिव और नाग देवता का आशीर्वाद मिलता है। नाग पंचमी के अवसर पर भगवान भोलेनाथ और नाग देवता की भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन शनि, राहु और केतु जैसे ग्रहों के दोषों को कम करने के लिए भी विशेष ज्योतिषीय उपाय किए जाते हैं।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अगर नाग पंचमी के दिन आप अपनी राशि के हिसाब से कुछ आसान उपाय करते हैं, तो जीवन में सुख, शांति और खुशहाली का आगमन होता है। इस बार नाग पंचमी के दिन ही सावन का सोमवार भी है। तो चलिए जानते हैं कि मेष से लेकर मीन राशि तक के जातकों को इस दिन कौन-कौन से उपाय करने चाहिए।
नाग पंचमी पर करें राशि अनुसार आसान उपाय (Nag Panchami Rashi Anusar Upay)

1. मेष राशि
नाग पंचमी के पावन अवसर पर मेष राशि वाले लोगों को साफ पानी में थोड़ा सा लाल चंदन और लाल रंग के फूल मिलाकर शिवलिंग का जलाभिषेक करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इस तरह भगवान शिव की पूजा करने से राहु और केतु के बुरे या नकारात्मक प्रभाव धीरे-धीरे कम हो जाते हैं।
2. वृषभ राशि
वृषभ राशि के जातकों को नाग पंचमी के दिन शिवलिंग पर ठंडा और कच्चा दूध अर्पित करना चाहिए। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि इस उपाय को करने से भोलेनाथ अति प्रसन्न होते हैं और आपकी सभी अधूरी मनोकामनाएं पूरी कर देते हैं।
3. मिथुन राशि
मिथुन राशि के स्वामी ग्रह बुध हैं। इस राशि के लोगों को नाग पंचमी पर शिवजी की पूजा करने के बाद भगवान गणेश को हरी घास जरूर चढ़ानी चाहिए। इसके साथ ही हरे कपड़े, हरे रंग के फल और मूंग की दाल का दान करना बहुत शुभ रहेगा। पूजा के समय ‘ॐ रां राहवे नमः’ मंत्र का जाप भी अवश्य करें।
4. कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों को नाग पंचमी के दिन शिवलिंग पर जल चढ़ाने के साथ-साथ रुद्राभिषेक भी कराना चाहिए। इससे आपके जीवन में तरक्की और समृद्धि के रास्ते खुलेंगे। इसके अलावा, अगर आपकी कुंडली में कालसर्प दोष है, तो इस दिन शिवलिंग पर चांदी से बने नाग-नागिन का जोड़ा अर्पित करना बहुत फलदायी रहेगा।
5. सिंह राशि
अगर राहु और केतु के दोषों के कारण आपकी सेहत बार-बार खराब रहती है, तो नाग पंचमी पर तांबे के किसी बर्तन में गेहूं भरकर गरीब या जरूरतमंद व्यक्ति को दान करें। इसके साथ ही सुबह सूर्य देव को जल चढ़ाएं और फिर भगवान शिव की भक्ति भाव से पूजा करें।
6. कन्या राशि
राहु और केतु के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए कन्या राशि वालों को बहते हुए पानी में कच्चा कोयला प्रवाहित करना चाहिए। इसके अलावा बेजुबान पशु-पक्षियों पानी और दाना रखें।रोजाना शिवलिंग पर जल चढ़ाएं। इससे जीवन में आ रही परेशानियां कम होंगी।
7. तुला राशि
तुला राशि के लोगों को नाग पंचमी के दिन नाग देवता को चावल और दूध से बनी खीर का भोग लगाना चाहिए। यदि आपकी कुंडली में कालसर्प दोष है, तो मंदिर में जाकर शिवलिंग पर चांदी के नाग-नागिन चढ़ाएं। इस छोटे से उपाय से आपके घर और जीवन में सुख-समृद्धि आएगी।
8. वृश्चिक राशि
इस राशि के लोगों को नाग पंचमी के दिन भगवान शिव की पूजा करने के बाद सुंदरकांड का पाठ करना चाहिए। नियमित रूप से धार्मिक पाठ करने और भोलेनाथ की आराधना करने से हर प्रकार की नकारात्मक ऊर्जा और ग्रहों के दुष्प्रभावों से मुक्ति मिलती है।
9. धनु राशि
धनु राशि के जातकों को नाग पंचमी के खास मौके पर नाग देवता की पूजा करते समय उन्हें भीगी हुई या पकी हुई चने की दाल अर्पित करनी चाहिए। ऐसी मान्यता है कि यह उपाय करने से आपकी सभी मनोकामनाएं जल्द पूरी होती हैं।
10. मकर राशि
मकर राशि वाले जातकों को नाग पंचमी पर शिवलिंग पर नीले या नीले-बैंगनी रंग के अपराजिता के फूल चढ़ाने चाहिए। इसके साथ ही नाग देवता को भी अपराजिता के फूल अर्पित करें। इस उपाय को करने से राहु और केतु के सभी दोषों और दुष्प्रभावों से छुटकारा मिलता है।
11. कुंभ राशि
ग्रहों के दोष दूर करने और शांति पाने के लिए कुंभ राशि वाले लोग किसी जरूरतमंद या गरीब व्यक्ति को काला कंबल, लोहे का सामान या स्टील के बर्तन दान करें। इसके बाद घर या मंदिर में शांत बैठकर भगवान शिव के सामने महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें।
12. मीन राशि
मीन राशि के लोगों को नाग पंचमी के दिन साफ जल में थोड़ा सा केसर मिलाकर उससे शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। पूजा संपन्न होने के बाद एक पानी वाला नारियल किसी बहती हुई नदी या साफ पानी में प्रवाहित कर दें। इससे जीवन में आ रही रुकावटें दूर होंगी।



Download Android App
Download iOS App




