संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की प्रमुख सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने सोनिया, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी को आमंत्रित किया और उन्होंने यह आमंत्रण स्वीकार किया है।
कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने कहा, ‘‘यह लोकतांत्रिक परिपाटी है कि शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया जाता है और वे जाते हैं। सोनिया जी और राहुल जी को भी प्रधानमंत्री की तरफ से आमंत्रित किया गया है और वे बृहस्पतिवार को शपथ ग्रहण में शामिल होंगे।’’
दरअसल, गत 25 मई को हुई कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद राहुल गांधी पहली बार किसी सार्वजनिक या आधिकारिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
सीडब्ल्यूसी की बैठक में गांधी ने लोकसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की पेशकश की थी, हालांकि सीडब्ल्यूसी के सदस्यों ने उनकी पेशकश को ठुकरा दिया और पार्टी में आमूलचूल परिवर्तन के लिए उन्हें अधिकृत किया।
इस बैठक के बाद से राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से मिलना बंद कर दिया है और वह इस्तीफा देने के अपने फैसले पर अड़े हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



