अक्टूबर की शुरुआत में मानसून विदाई की ओर है, लेकिन जाते-जाते कई राज्यों में जमकर बरस रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 अक्टूबर को तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और दिल्ली में अब बढ़ती गर्मी और खराब हवा लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मानसून धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। आइए जानते हैं, आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मानसून के खत्म होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। अब गर्मी और प्रदूषण दोनों मिलकर लोगों की मुश्किलें बढ़ाने वाले हैं। अगले कुछ दिनों तक आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान चढ़ता रहेगा। 3 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। 3 अक्टूबर से लेकर 5 अक्टूबर तक दिल्ली का मौसम मुख्य रूप से साफ रह सकता है।
तमिलनाडु में होगी बारिश
मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि शनिवार और रविवार को तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले जिलों और कई दक्षिणी व मध्य जिलों में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। बता दें कि केरल तट के पास दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में बने चक्रवाती हवाओं के घेरे का असर मौसम पर पड़ रहा है। पश्चिमी घाट के पास के जिलों के अलावा, मदुरै, थूथुकुडी, रामनाथपुरम और शिवगंगा में भी मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। इसी दौरान पुदुक्कोट्टई, तिरुचि, अरियालुर और पेरम्बलुर में भी मध्यम बारिश हो सकती है और बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
बिहार में सुबह-शाम हल्की ठंड
बिहार में भी अक्टूबर महीने में मौसम का मिजाज बदल रहा है । मौसम विभाग के अनुसार आज मौसम सामान्य बना रहेगा और बारिश या तेज हवा चलने का अनुमान नहीं है। दिन के समय खिली हुई धूप निकलेगी और कुछ दिनों बाद मौसम पलट सकता है फिर बारिश का दौर शुरू होगा। आज मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है और मौसम साफ बना रहेगा।


Download Android App
Download iOS App




