INDIA Bloc: आम आदमी पार्टी अब इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। आप के नेता संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में यह ऐलान किया है। संजय सिंह ने बताया कि इंडिया गठबंधन अब टूट गया है और आम आदमी पार्टी अब इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। संजय सिंह का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब 19 जुलाई को सभी विपक्षी पार्टियों की एक ऑनलाइन मीटिंग होने वाली है।
लोकसभा चुनाव तक सीमित था INDIA Bloc
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, “आप अब इंडिया ब्लॉक का हिस्सा नहीं है। इंडिया ब्लॉक लोकसभा चुनाव तक ही सीमित था, उसके बाद हमने सभी चुनाव अकेले लड़े।” साथ ही, अरविंद केजरीवाल ने भी साफ कर दिया है कि पार्टी गठबंधन से बाहर रहेगी। हालांकि, आप ने यह भी कहा कि वह संसद से जुड़े मुद्दों पर टीएमसी, डीएमके जैसे विपक्षी दलों के साथ सहयोग करती है। इंडिया ब्लॉक से बाहर आते ही आप ने रॉबर्ट वाड्रा के ज़रिए कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा, “10 साल से ‘जीजाजी’ चिल्ला रहे हैं, अब तक कोई नतीजा क्यों नहीं निकला?”

टीएमसी नहीं होगी बैठक में शामिल
इंडिया ब्लॉक को यह झटका ऐसे समय में लगा है जब संसद के मानसून सत्र से पहले विपक्षी गठबंधन के सभी दल शनिवार को एक ऑनलाइन बैठक करेंगे। हालाँकि, यह पहले ही साफ हो गया था कि आप और तृणमूल कांग्रेस इस बैठक में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। अब जब आप ने कहा है कि वह इंडिया गुट का हिस्सा नहीं है, टीएमसी ने आधिकारिक तौर पर पार्टी के वार्षिक आयोजन की तैयारियों का हवाला दिया है और बैठक में शामिल होने से इनकार किया है।
19 जुलाई को होगी बैठक
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार रात बैठक की जानकारी दी। वेणुगोपाल ने ‘X’ पर पोस्ट किया, “देश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन के दलों के नेताओं की एक बैठक शनिवार, 19 जुलाई, 2025 को शाम 7 बजे ऑनलाइन आयोजित की जाएगी।”
ये भी पढ़ें- चैतन्य बघेल ने शराब सिंडिकेट की जेब में डाले 2100 करोड़ रुपए! जानें क्यों हुई पूर्व CM के बेटे की गिरफ्तारी


Download Android App
Download iOS App




