जबलपुर : मध्यप्रदेश के जबलपुर के तिलवारा रोड स्थित बरगी हिल्स क्षेत्र में एक निर्माणाधीन पांच सितारा होटल के स्लैब गिरने से दो मजदूरों की मौत के मामले में फरार इनामी बिल्डर महेश और उसका पुत्र आशीष केमतानी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बरगी हिल्स तिलवारा रोड पर निर्माणाधीन कौशल्या होटल का स्लैब विगत 16 अप्रैल को धराशायी हो गया था।
जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई थी और अन्य कई मजदूर घायल हो गये थे। इस पर पुलिस ने इन दोनों बिल्डरों सहित पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लेते हुए तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से आरोपी भवन मालिक महेश केमतानी व उनका बिल्डर पुत्र आशीष केमतानी गिरफ्तारी से बचने फरार हो गये थे।
उन दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित था। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरारी के दौरान पिता-पुत्र ने अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय की शरण ली थी। जिला न्यायालय से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद उच्च न्यायालय की शरण ली गयी थी। पुलिस अधीक्षक कुमार सौरव ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र बिल्डर को नागपुर से गिरफ्तार किया गया है। आगे की कार्रवाई तिलवारा पुलिस द्वारा की जा रही है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



