बांकुड़ा में महिला के साथ दुष्कर्म, अग्निमित्रा पॉल का पश्चिम बंगाल सरकार पर हमला

Summary :

महिला दुष्कर्म मामले में भाजपा नेता का विरोध प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके साथ बांकुड़ा में दुष्कर्म किया गया। इस मामले को लेकर अब पश्चिम बंगाल की भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल सड़क पर उतर आई हैं। उन्होंने आसनसोल में एसीपी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने पुलिस पर भी सवाल उठाए। भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “पश्चिम बंगाल में रोजाना कई लड़कियों का बलात्कार किया जाता है। चाहे वह शहर से हो या फिर ग्रामीण क्षेत्र की हो, उनका रेप किया जाता है और उसके बाद एसिड डालकर मार दिया जाता है, ताकि उनकी पहचान नहीं हो पाए। ऐसा ही एक मामला मेरी विधानसभा आसनसोल दक्षिण में भी सामने आया है। यहां एक महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। इस घटना में शामिल एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। मैं पुलिस से पूछना चाहती हूं कि घटना में शामिल चारों आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं की गई है।”

उन्होंने कहा, “मैं एक विधायक हूं और मुझसे कहा गया कि किसी भी महिला का बलात्कार नहीं किया गया है। साथ ही कोई भी एफआईआर दर्ज नहीं होने की बात कही गई है। मुझे पता चला है कि महिला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और पीड़िता की हालत बहुत खराब है। पश्चिम बंगाल में इस समय जंगलराज चल रहा है और ममता बनर्जी खामोश हैं। मैं पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन करती रहूंगी।” महिला ने आसनसोल थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने दोस्तों के साथ बांकुड़ा इलाके में घूमने गई थी। उसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। फिलहाल इस मामले में पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन, विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार पश्चिम बंगाल सरकार से सवाल कर रहा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.