अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के बाद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर और पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस हमले से देश आहत है। हमले के बाद मौजूदा हालत पर हंसराज अहीर ने कहा कि सुरक्षा इंतजाम में कमी दूर करेंगे और यात्रा को सुरक्षित जारी रखेंगे। केंद्र सरकार ने दो टूक लहजे में आतंकियों को संदेश दे दिया है कि देश किसी हमले से डरने वाला नहीं है और किसी भी कीमत पर अमरनाथ यात्रा नहीं रूकेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने बुधवार को श्रीनगर में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर इस बारे में जानकरी दी। जितेंद्र ने कहा कि अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा में चूक को लेकर जांच चल रही है, बस रिपोर्ट का इंतजार है। सुरक्षा इंतजाम में खामियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा अमरनाथ यात्रियों पर हुए आतंकी हमले के बाद से पीएम नरेंद्र मोदी खुद स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। इसके अलावा गृह मंत्री भी पूरी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि अमनाथ यात्रियों पर हमला करने वाले आतंकी संगठन की पहचान कर ली गई है तथा सुरक्षा एजेंसिया अपना काम कर रही हैं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने कहा किे निहत्थे तीर्थयात्रियों पर हमला निंदनीय है। अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा की समीक्षा होगी। आतंकी हमले के पीड़ितों को पूरी मदद की जाएगी और यात्रा जारी रहेगी। गौरतलब है कि अनंतनाग में सोमवार रात अमरनाथ यात्रियों की एक बस पर हुए आतंकी हमले में 6 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई थी, मारे गए यात्री गुजरात और महाराष्ट्र के थे। इस हमले की साजिश पाकिस्तान के आतंकी अबू इस्माइल ने रची थी, इस हमले के पीछे लश्कर -ए- तैयबा का हाथ सामने आया है।


Download Android App
Download iOS App





