अमित मालवीय मानहानि केस: शांतनु सिन्हा की माफी पर मुकदमा जारी रहेगा

Summary :

अमित मालवीय केस: माफी के बावजूद शांतनु सिन्हा पर मुकदमा

भाजपा नेता अमित मालवीय पर गलत और अपमानजनक टिप्पणी करने वाले शांतनु सिन्हा ने अदालत में एक हलफनामा दायर किया है। इसमें उन्होंने माना है कि उन्होंने मालवीय के खिलाफ की गई आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट हटा दी और बिना शर्त माफी मांग ली है। साथ ही, उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक शिकायत को रद्द करने की गुहार लगाई है। अमित मालवीय की कानूनी टीम ने इसका विरोध करते हुए जवाबी हलफनामा दायर किया है।

शांतनु सिन्हा ने अपने हलफनामे में कहा कि उन्होंने मालवीय के खिलाफ गलत और अपमानजनक पोस्ट को अपने सोशल मीडिया हैंडल से हटा दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज की गई आपराधिक शिकायत को निरस्त करने की मांग की है। शांतनु सिन्हा ने अदालत में यह दावा किया है कि इस मामले में उन्होंने बिना शर्त माफी मांगी है और इसके कारण मामले को रद्द किया जाना चाहिए।

शांतनु सिन्हा के इस हलफनामे के बाद, मालवीय की लीगल टीम ने एक काउंटर हलफनामा दायर किया है। मालवीय की लीगल टीम ने तर्क दिया है कि निराधार और अपमानजनक दावे करने के बाद केवल पोस्ट को हटा देना पर्याप्त उपाय नहीं है और मुकदमा जारी रहना चाहिए।

यह पूरा मामला, शांतनु सिन्हा के एक पोस्ट से संबंधित है, जो उन्होंने पिछले साल 7 जून को किया था। इस पोस्ट में सिन्हा ने अमित मालवीय पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। सिन्हा ने अमित मालवीय पर महिलाओं के यौन शोषण के आरोप लगाए थे। इस मामले में अमित मालवीय ने उन्हें 10 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा था।

मामले के तूल पकड़ने के बाद शांतनु सिन्हा ने पोस्ट को हटाते हुए कहा था कि मेरे पोस्ट का उद्देश्य अमित मालवीय की छवि को खराब करना नहीं था। मेरी पोस्ट एक चेतावनी थी कि वह किसी भी तरह से हनीट्रैप में नहीं फंसें। अगर मेरी पोस्ट से मालवीय या कोई और आहत हुए हैं तो मुझे इसका खेद है। मैंने पोस्ट में कुछ भी अनर्गल नहीं लिखा था, मैं उस पोस्ट को हटा रहा हूं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.