Andhra Pradesh Factory Blast: तिरुपति की दवा फैक्ट्री में बॉयलर विस्फोट, 4 मजदूरों की मौत, 12 घायल

Summary :

Andhra Pradesh Factory Blast: आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित श्री सिटी की टिल हेल्थकेयर दवा फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Andhra Pradesh Factory Blast: आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में स्थित श्री सिटी की एक दवा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। फैक्ट्री में रात की शिफ्ट के दौरान अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ। हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 कर्मचारी घायल हो गए। धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तुरंत  अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका  इलाज  जारी है। हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और मंत्री नारा लोकेश ने दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

रात की ड्यूटी के दौरान अचानक फटा बॉयलर

जानकारी के मुताबिक, हादसा श्री सिटी स्थित दवा निर्माता कंपनी ‘टिल हेल्थकेयर’ में हुआ। फैक्ट्री में कर्मचारी अपनी नियमित रात की शिफ्ट में काम कर रहे थे, तभी अचानक बॉयलर में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। विस्फोट के बाद परिसर में आग फैल गई, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

हादसे की शुरुआती जानकारी में दो मजदूरों की मौके पर मौत की पुष्टि हुई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य कर्मचारियों को तडा अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई।

दो मृतकों की पहचान, 12 घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे में जान गंवाने वाले चार मजदूरों में से दो की पहचान हो चुकी है। इनमें सत्यवेदु मंडल के चेरिबी गांव निवासी 45 वर्षीय चिन्ना मस्तान और तमिलनाडु के मदरापक्कम निवासी 45 वर्षीय रमेश शामिल हैं। अन्य दो मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, हादसे में घायल 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों  की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

फैक्ट्री में हुए इस हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लेकिन, बॉयलर में विस्फोट किस वजह से हुआ, इसका आधिकारिक कारण अभी सामने नहीं आया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

हादसे पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को घायलों के इलाज  में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों से घायलों को बेहतर मेडिकल  सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। राज्य के शिक्षा एवं आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी हादसे पर दुख जताया।

उन्होंने मृतक मजदूरों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद  प्रदान करेगी। श्री सिटी की दवा फैक्ट्री में हुए इस हादसे ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल राहत एवं चिकित्सा संबंधी कार्रवाई जारी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जाना बाकी है। एक ओर चार मजदूरों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है, वहीं अस्पताल में भर्ती घायल कर्मचारियों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: नायरा एनर्जी ने पेट्रोल का दाम 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 3 रुपए प्रति लीटर बढ़ाई

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।