भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 46,951 नए मामले सामने आए, जो इस साल एक दिन में सर्वाधिक संख्या है। ऐसे में देश में चल रहे वैक्सीनेशन अभियान को शायद और तेजी से बढ़ाने की जरुरत है। इसी बीच, केंद्र सरकार ने कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज को लेकर अहम फैसला लिया है।
सरकार ने कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज पहली डोज के कम से कम 6-8 सप्ताह के बाद लगाने के लिए कहा है। यह फैसला सिर्फ सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) द्वारा बनाई जा रही कोविशील्ड वैक्सीन पर ही लागू होगा, जबकि को-वैक्सीन की दूसरी डोज पहले जैसे ही तय समय-सीमा के अंतराल पर ही लगाई जाएगी।
दरअसल, केंद्र सरकार ने कहा है कि नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्युनाइजेशन (NTAGI) और एक्सपर्ट ग्रुप के फैसले के आधार पर यह कदम उठाया गया है। उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र में 30,535 नए मामले सामने आए जो एक दिन में सामने आने वाले मामलों की सबसे ज्यादा संख्या है। इसके साथ ही पंजाब में 2,644 और केरल में 1,875 नए मामले सामने आए।
मंत्रालय की ओर से कहा गया कि महाराष्ट्र, पंजाब, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों में वृद्धि दर्ज की जा रही है। भारत में अभी कोविड-19 के 3,34,646 मरीज उपचाराधीन हैं और यह संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 2.87 प्रतिशत है।
मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 25,559 की बढ़ोतरी हुई है और इस समय प्रतिदिन संक्रमण की दर 3.70 है। मंत्रालय ने कहा कि आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- महाराष्ट्र, चंडीगढ़, पंजाब, पुडुचेरी, गोवा, मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में साप्ताहिक संक्रमण की दर राष्ट्रीय औसत 3.7 से अधिक है।
भारत में अब तक साढ़े चार करोड़ से अधिक लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी जा चुकी है। भारत में पिछले चौबीस घंटे में कोविड-19 से 212 मरीजों की मौत हो गई और अब तक 1,11,51,468 मरीज ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार, कोविड-19 से मरने वाले मरीजों की संख्या में से 85.85 प्रतिशत मरीज देश के छह राज्यों के थे।


Download Android App
Download iOS App



