चुनावी बिगुल के बीच कांग्रेस का दावा- इस बार हम चाल नहीं चलेंगे कच्ची, भाजपा की हार पक्की… 4 मई को बनेगा इतिहास

Summary :

Assembly Elections 2026: कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी जीत दर्ज करेगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उसकी “जनविरोधी, विभाजनकारी और विनाशकारी राजनीति” के कारण हार का सामना करना पड़ेगा। वेणुगोपाल का दावा—चार मई को बनेगा इतिहास निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि चार मई को मतगणना के दिन कांग्रेस इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा, “केरल, तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के बहुप्रतीक्षित…

Assembly Elections 2026: कांग्रेस ने रविवार को दावा किया कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी जीत दर्ज करेगी, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उसकी “जनविरोधी, विभाजनकारी और विनाशकारी राजनीति” के कारण हार का सामना करना पड़ेगा।

वेणुगोपाल का दावा—चार मई को बनेगा इतिहास

निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि चार मई को मतगणना के दिन कांग्रेस इतिहास रचेगी।

उन्होंने कहा, “केरल, तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के बहुप्रतीक्षित विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है। हमें पूरा विश्वास है कि हम सभी राज्यों में जीत दर्ज करेंगे, जबकि भाजपा को उसकी जनविरोधी और विभाजनकारी राजनीति के कारण व्यापक हार का सामना करना पड़ेगा।”

तमिलनाडु में गठबंधन की वापसी का भरोसा

वेणुगोपाल ने कहा कि तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के साथ कांग्रेस का मजबूत गठबंधन एक बार फिर सत्ता में लौटेगा और सुशासन के अपने रिकॉर्ड को आगे बढ़ाएगा।

केरल में यूडीएफ की बड़ी जीत का दावा

उन्होंने अपने गृह राज्य केरल को लेकर भी बड़ा दावा किया। वेणुगोपाल ने कहा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को समाज के सभी वर्गों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और गठबंधन 100 से अधिक सीटों के साथ एकतरफा जीत दर्ज कर सत्ता में आएगा।

चुनाव प्रचार के लिए समय कम होने की बात

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के लिए समय सीमित है। उन्होंने बताया कि इस दौरान पवित्र सप्ताह और विशु पर्व भी पड़ रहा है, जिसके कारण चुनाव प्रचार के लिए बहुत कम दिन उपलब्ध होंगे।

हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और यूडीएफ केरल में एलडीएफ सरकार के कुप्रशासन को समाप्त करने के लिए मजबूती से आगे बढ़ेगा।

इन राज्यों में घोषित हुई चुनाव तिथियां

निर्वाचन आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की। सभी राज्यों में मतगणना चार मई को होगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा।

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं केरल, असम और पुडुचेरी में नौ अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया जाएगा।

Shera Rajput