AYUSH क्षेत्र ने अच्छे स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में निभाई अहम भूमिका: PM Modi

Summary :

AYUSH क्षेत्र के विकास के लिए PM Modi ने दिया रणनीतिक हस्तक्षेप पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आयुष क्षेत्र की समीक्षा के लिए 7 लोक कल्याण मार्ग पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। पीएम मोदी का कहना है कि आयुष क्षेत्र ने समग्र कल्याण और अच्छे स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आयुष क्षेत्र ने समग्र कल्याण और अच्छे स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज, अनुसंधान, नवाचार और वैश्विक सहयोग के माध्यम से इसके प्रभाव को और मजबूत करने के लिए एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। भारत पारंपरिक चिकित्सा को स्वास्थ्य सेवा का एक प्रमुख स्तंभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, पीएम मोदी ने आयुष क्षेत्र की समीक्षा के लिए 7 लोक कल्याण मार्ग पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में समग्र कल्याण और स्वास्थ्य सेवा, पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित करने और देश के कल्याण पारिस्थितिकी तंत्र में योगदान देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

2014 में आयुष मंत्रालय के गठन के बाद से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र ने इसकी विशाल क्षमता को पहचानते हुए इसके विकास के लिए एक स्पष्ट रोडमैप की कल्पना की है। इस क्षेत्र की प्रगति की व्यापक समीक्षा में पीएम मोदी ने इसकी पूरी क्षमता का दोहन करने के लिए रणनीतिक हस्तक्षेप की जरूरत पर जोर दिया। समीक्षा में पहलों को सुव्यवस्थित करने, संसाधनों का अनुकूलन करने और आयुष की वैश्विक उपस्थिति को बढ़ाने के लिए एक दूरदर्शी मार्ग तैयार करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

समीक्षा के दौरान, पीएम मोदी ने निवारक स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने, औषधीय पौधों की खेती के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने और पारंपरिक चिकित्सा में अग्रणी के रूप में भारत की वैश्विक स्थिति को बढ़ाने में इसकी भूमिका सहित इस क्षेत्र के महत्वपूर्ण योगदान पर जोर दिया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.