नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत में कांग्रेस सेवादल के आधिकारिक एक्स अकाउंट को बैन कर दिया गया है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने ये जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में दी।
कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में बताया कि कांग्रेस सेवादल के आधिकारिक एक्स अकाउंट को भारत में बैन करा दिया गया है। सरकार ने सारी हदें पार कर दी हैं। लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। अब बहुत हुआ… सरकार का यह खेल ज्यादा दिन नहीं चलेगा। जनता सबक सिखाएगी।
वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने भारत के लोकतंत्र की बुनियाद को तबाह कर दिया है, चुनाव चोरी और जनता की आवाज कुचल कर। आज नई दिल्ली में यही तस्वीर दिखी, पूरा शहर बंद, इंटरनेट बंद, छात्रों को पुलिस भी पीट रही थी और भाजपा के गुंडे भी।
उन्होंने कहा कि डराने की जितनी भी कोशिश कर लें, सरकार समझ नहीं पा रही कि 10-15 साल से चल रहा उनका खेल अब खत्म हो गया है। विपक्ष ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया है। आज जिन युवाओं और छात्रों पर हमला हुआ है, उन्हें इंसाफ मिलेगा, और हमलावरों को करारा जवाब मिलेगा। भारत के लोकतंत्र और संविधान को तबाह करने वाली सरकार और उनके साथी बच नहीं पाएंगे।
इससे पहले लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक पोस्ट में कहा कि मैं इस सरकार जुड़े लोगों के खिलाफ एक दशक से भी ज्यादा समय से लड़ रहा हूं। मैं अपने विरोधियों को उतनी अच्छी तरह समझता हूं, जितना कोई भी अपने प्रतिद्वंद्वी को समझता है। मैं इन्हें अंदर तक जानता हूं, इनकी हर चाल से वाकिफ हूं। इन लोगों की सबसे बड़ी पहचान है कायरता।
उन्होंने कहा कि इस कहानी के खलनायक अब धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं। इनके चारों तरफ से दायरा सिमट रहा है। जो करना है, कर लीजिए। जितनी पुलिस बुलानी है, बुला लीजिए, 10 हजार, 20 हजार, 50 हजार, जितनी चाहें बुला लीजिए। सारे नेताओं को गिरफ्तार कर लीजिए। सारे युवाओं को गिरफ्तार कर लीजिए। हम सबको गिरफ्तार कर लीजिए।
राहुल गांधी ने कहा कि घबराइये मत—हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं, और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। मेरी बात याद रखिए—हमें जो जानकारी चाहिए, वह हमारे पास पहले से है। हम अपने संविधान की रक्षा करेंगे। हम हिंदुस्तान की जनता की आवाज की हिफाजत करेंगे और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछले 10-15 सालों में हिंदुस्तान के साथ जो हुआ है, वह दोबारा कभी, किसी भी सूरत में न हो। हिंदुस्तान के युवाओं, मुझे आप पर गर्व है। अपना विरोध जारी रखिए। हम आपके साथ खड़े हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस सरकार और हमारे संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त मिले।
–आईएएनएस
एमएस/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



