भारतीय रक्षा बलों का दल भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ के लिए रवाना

Summary :

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ के 12वें संस्करण में भाग लेने के लिए भारतीय रक्षा बलों का 170 सदस्यीय दल शुक्रवार को श्रीलंका के लिए रवाना हो गया। यह अभ्यास 13 से 26 नवंबर तक श्रीलंका के मदुरू ओया स्थित आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया जाएगा। भारतीय दल में मुख्य रूप से राजपूताना राइफल्स की एक बटालियन के जवान शामिल हैं, साथ ही अन्य सैन्य शाखाओं और सेवाओं के सैनिक और भारतीय वायु सेना के कर्मी भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के अधिदेश के तहत,…

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। भारत-श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ के 12वें संस्करण में भाग लेने के लिए भारतीय रक्षा बलों का 170 सदस्यीय दल शुक्रवार को श्रीलंका के लिए रवाना हो गया। यह अभ्यास 13 से 26 नवंबर तक श्रीलंका के मदुरू ओया स्थित आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया जाएगा।

भारतीय दल में मुख्य रूप से राजपूताना राइफल्स की एक बटालियन के जवान शामिल हैं, साथ ही अन्य सैन्य शाखाओं और सेवाओं के सैनिक और भारतीय वायु सेना के कर्मी भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के अधिदेश के तहत, अर्ध-शहरी वातावरण में आतंकवाद-रोधी अभियानों को अंजाम देने के लिए दोनों सेनाओं की संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना है।

‘मित्र शक्ति’ एक वार्षिक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास है, जो बारी-बारी से भारत और श्रीलंका में आयोजित किया जाता है। यह अभ्यास दोनों सेनाओं को आपसी तालमेल मजबूत करने, परिचालन संबंधी अनुभवों का आदान-प्रदान करने और आतंकवाद-रोधी अभियानों के संचालन में सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। साथ ही, यह दोनों देशों के बीच आपसी समझ और पेशेवर भाईचारे को भी बढ़ावा देता है।

14 दिनों तक चलने वाले इस अभ्यास में शारीरिक फिटनेस को बेहतर बनाने, सामरिक युद्धाभ्यासों को निखारने और भाग लेने वाले दलों के बीच समन्वय सुधारने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संयुक्त योजना बनाना, सामरिक अभियानों का पूर्वाभ्यास करना और विशेष युद्ध कौशल का अभ्यास शामिल होगा।

इसमें सड़क मार्ग को अवरुद्ध करने के अभियान, शहरी क्षेत्रों में गश्त, वाहनों के काफिले की सुरक्षा, घात लगाकर हमला करने की रणनीति, भीड़ को तितर-बितर करना और मजबूत ठिकानों के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई जैसे पहलू शामिल हैं। अभ्यास के अंत में एक व्यापक सत्यापन अभ्यास होगा, जिसमें दोनों दल प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं को संयुक्त रूप से लागू करेंगे।

‘मित्र शक्ति 2026’ अभ्यास भारत और श्रीलंका के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करेगा, दोनों देशों के बीच मित्रता और आपसी विश्वास के पुराने संबंधों को सुदृढ़ करेगा, और क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा में योगदान देगा।

–आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.