पटना: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के छोटे बेटे तेजस्वी यादव गुरुवार को अपना 29वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस क्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच जन्मदिन का केक काटा। वहीं उनके बड़े भाई और पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव ने पटन देवी मंदिर पहुंचकर महाआरती की और तेजस्वी के उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद मांगा।
तेजस्वी के जन्मदिन के मौके पर उन्हें कार्यकर्ताओं की ओर से 12 बजे रात से ही बधाइयां मिलने लगी थीं। सुबह से ही कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचने लगे और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। तेजस्वी ने अपने आवास पर मध्यरात्रि में ही केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस मौके की तस्वीर तेजप्रताप ने सोशल मीडिया पर भी साझा की है। तेजस्वी ने इस मौके पर अपने बड़े भाई तेजप्रताप यादव के पैर छू कर आशीर्वाद लिया।
तेजप्रताप ने ट्वीट कर तस्वीर साझा करते हुए लिखा, देश के सबसे युवा उपमुख्यमंत्री रह चुके और युवाओं के दिल में बसने वाले एवं तथाकथित गंदी राजनीति करने वालों को धूल चटाने वाले मेरे छोटे भाई तेजस्वी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी लम्बी उम्र की कामना करते हैं। इसके बाद सुबह तेजप्रताप ने पटना के छोटी पटनदेवी मंदिर में 28 दीपों की महाआरती और विशेष पूजा अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने तेजस्वी की तारीफकरते हुए कहा, उनके भाई में अत्यधिक प्रतिभा और क्षमता है और हम ईश्वर से कामना करते हैं कि वे तेजस्वी की क्षमता को और बढ़ाएं ,जिससे वे बिहार के लोगों की सेवा कर सकें।


Download Android App
Download iOS App



