ग्वालियर : शहर में सफाई व्यवस्था, पानी के अपव्यय को रोकने के साथ ही पॉलीथिन के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने निगम के मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों को दिए हैं। नगर निगम के मुख्यालय पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने कहा है कि नगर के नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जाए।
प्रत्येक रविवार को अनिवार्यतः शहर के सभी नालों की सफाई का विशेष अभियान सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में चलायेंगे। इसके लिये निगम की मशीनरी का उपयोग सुनिश्चित करें। विनोद शर्मा ने कहा है कि सभी जेडओ अपने-अपने क्षेत्र के बड़े नालों की सफाई से कार्य प्रारंभ करें।
प्रत्येक रविवार के अतिरिक्त भी नालों की सफाई के कार्य को प्राथमिकता दी जाए। नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था स्वच्छता अभियान में जिस तरह की जा रही है वह निरंतर बनी रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए एक अप्रैल से प्रातः 6 बजे से 12 बजे तक और शाम को 6 बजे से 8 बजे तक सफाई का कार्य किया जाए।
उन्होंने बैठक में यह भी निर्देशित किया कि स्वच्छता के साथ-साथ पानी के अपव्यय को रोकने, लीकेज की जानकारी देने और शहर में पानी की कमी को देखते हुए निर्माण कार्यों के प्रतिबंध के बाद भी अगर कोई निर्माण किया जा रहा है तो उसकी सूचना सफाई का अमला कंट्रोल रूम को दे। इसके साथ ही क्षेत्र में भी संबंधित को रोके और टोके। निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने बैठक में यह भी निर्देशित किया कि शहर में पॉलीथिन के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
स्वास्थ्य अमला पॉलीथिन का विक्रय करने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करे। इसके साथ ही छोटे-छोटे व्यवसाय करने वाले व्यवसायी भी पॉलीथिन का उपयोग न करें, इसकी समझाईश देने के साथ ही जब्ती की कार्रवाई भी की जाए। नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने कहा है कि नगर निगम द्वारा 26 मार्च को प्रत्येक जनमित्र केन्द्र पर श्रमिकों के पंजीयन हेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में अधिक से अधिक श्रमिक अपना पंजीयन करायें। इसके लिये स्वास्थ्य अमला भी मैदानी स्तर पर लोगों को पंजीयन कराने के लिये प्रोत्साहित करे।


Download Android App
Download iOS App



