पटना, 23 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों का तबादला और पदस्थापन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार देर रात जारी अधिसूचना में अधिकारियों को विभिन्न जिलों और विभागों में नई जिम्मेदारी दी गई है। यह आदेश बिहार के राज्यपाल के आदेश से सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार ने जारी किया है।
अधिसूचना के अनुसार, श्रेया श्री, भा.प्र.से. (2022), को सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देने के बाद अगले आदेश तक उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, खगड़िया के पद पर पदस्थापित किया गया है। वहीं, गरिमा लोहिया (2023) को बाढ़, पटना के अनुमंडल पदाधिकारी पद से स्थानांतरित करते हुए नगर आयुक्त, दरभंगा नगर निगम बनाया गया है। अनिरुद्ध पांडेय (2023) को दानापुर के अनुमंडल पदाधिकारी पद से स्थानांतरित कर नगर आयुक्त, पूर्णिया नगर निगम की जिम्मेदारी दी गई है। तुषार कुमार को पूर्णिया के अनुमंडल पदाधिकारी पद से स्थानांतरित कर उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, मधुबनी बनाया गया है।
प्रधुम्न सिंह यादव को कटिहार के अनुमंडल पदाधिकारी पद से स्थानांतरित कर निदेशक, खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय, उद्योग विभाग, बिहार के पद पर पदस्थापित किया गया है। आकांक्षा आनंद को मुजफ्फरपुर पश्चिमी की अनुमंडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, सासाराम बनाया गया है। इसी तरह अंजली शर्मा को अरेराज, पूर्वी चंपारण की अनुमंडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी से स्थानांतरित कर निदेशक, निशक्तता, समाज कल्याण विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है। रोहित कर्दम को नौगछिया, भागलपुर से स्थानांतरित कर जिला परिषद, कैमूर-भभुआ का उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है। शिप्रा विजयकुमार चौधरी को आरा सदर से स्थानांतरित कर जिला परिषद, जमुई की जिम्मेदारी दी गई है।
नेहा कुमारी को सासाराम से स्थानांतरित कर जिला परिषद, कटिहार में पदस्थापित किया गया है। कृष्ण चन्द्र गुप्ता को कहलगांव से स्थानांतरित कर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में महानिरीक्षक, निबंधन पद की जिम्मेदारी दी गई है। वर्ष 2024 बैच के प्रशिक्षित अधिकारियों को भी विभिन्न अनुमंडलों में पदस्थापित किया गया है। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी से व्यावसायिक प्रशिक्षण चरण-दो पूरा करने के बाद विरमित अधिकारियों में विश्वजीत विक्रम सिंह को दानापुर, प्रिया रानी को सासाराम, कृष्णा जोशी को बाढ़, प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, सैयद आदिल मोहसिन को मढ़ौरा, अजय यादव को बलिया, सूरज कुमार को कटिहार, विनेश टी.ए. को पूर्णिया, जतिन कुमार को शेरघाटी, के. परीक्षित को नौगछिया, महेश कुमार को तारापुर और कशिश बक्शी को पटना सिटी का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।
अधिसूचना में यह भी कहा गया है कि अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित अधिकारियों को संबंधित अनुमंडल क्षेत्र के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां तथा धारा-163 में निहित शक्तियां प्रदान की जाती हैं।
–आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



