कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बनाई गई कोर ग्रुप कमेटी और अन्य समितियों का अस्तित्व चुनाव संपन्न होने के साथ ही स्वत: खत्म हो गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की अनौचारिक बैठक के बाद यह टिप्पणी की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ए के एंटनी की अगुवाई में 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित पार्टी के वार रूम में हुई बैठक में अहमद पटेल, पी चिदबंरम, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, आनंद शर्मा और सुरजेवाला शामिल हुए। ये नेता लोकसभा चुनाव के लिए गठित पार्टी के कोर ग्रुप में शामिल थे। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने कोर ग्रुप के अलावा घोषणापत्र समिति और प्रचार समिति का गठन किया था जिनमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई थी।


Download Android App
Download iOS App



