भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओला प्रभावित किसानों से अपील की है कि वे संकट के समय किसी प्रकार की चिंता नहीं करें, फसल नुकसान की पूरी भरपाई कर दी जायेगी। उन्होंने प्रभावित किसानों से कहा कि जब फसल को नुकसान होता है तो बच्चों के भविष्य के साथ ही जीवन प्रभावित होता है, लेकिन चिंता करने और शोक मनाने की जरूरत नहीं है।
राहत की राशि और फसल बीमा की राशि मिलाकर फसल नुकसान की पूरी भरपाई कर दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान का पारदर्शिता के साथ पूरा आकलन किया जायेगा। नुकसान के आकलन के लिये सर्वेक्षण दल बनाये जा रहे हैं और नुकसान के आकलन को पंचायतों में चस्पा करने की कार्यवाही शीघ्र शुरू की जाएगी।
यदि आकलन पर किसी को आपत्ति हो तो तत्काल सुधार भी किया जायेगा। इस बीच श्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय आपात बैठक बुलाकर ओला प्रभावित क्षेत्रों में हुए फसल नुकसान की जानकारी ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 13 जिलों के 621 गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है।
भोपाल, विदिशा, सीहोर, सिवनी, छिंदवाडा, बालाघाट, देवास एवं होशंगाबाद जिलों में भी फसलों के ज्यादा नुकसान की जानकारी है। लगभग 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र ओलावृष्टि से प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री ने पटवारी, ग्राम सेवक, कृषि विभाग के मैदानी अमले और जनप्रतिनिधियों का दल बनाकर तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कार्य शुरू करने के निर्देश दिये हैं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



