नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राजधानी दिल्ली में शनिवार को सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कई ट्रेनें रद्द की गई हैं, लेकिन इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एक यात्री ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, “आज ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। ये ताप्ती गंगा और जौनपुर की काशी विश्वनाथ गंगा होकर जाती हैं। ये रद्द हो गई हैं। अब मैं यहां से लखनऊ जाऊंगा, लखनऊ से ट्रेन बदलूंगा। अगर ट्रेन नहीं मिली, तो बस से जाऊंगा। मुझे पहले से पता नहीं था कि आज की ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।”
एक अन्य यात्री ने कहा, “मैं गुजरात से आया हूं और मुझे गाजियाबाद जाना है। लेकिन मेरा टिकट नई दिल्ली का था। इसलिए मैंने सोचा कि मैं निजामुद्दीन में उतर जाऊंगा और वहां से गाजियाबाद के लिए लोकल ट्रेन पकड़ लूंगा। लेकिन दिक्कत यह है कि जब मैं निजामुद्दीन उतरा, तो वहां कोई ट्रेन नहीं मिल रही थी। नई दिल्ली आने के लिए मुझे फिर से रिक्शा लेना पड़ा और यहां से भी कोई ट्रेन नहीं है।”
हालांकि, कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं। एक यात्री ने कहा, “हमें कोई परेशानी नहीं हुई। हम बहुत आराम से ट्रेन से आए। रात में थोड़ा शक था, लेकिन सुबह हमें आसानी से आने दिया गया, इसलिए कोई दिक्कत नहीं हुई। लोगों के मन में डर था कि अगर हम दिल्ली पहुंचे तो हमें रोक लिया जाएगा या कुछ और होगा। मन में यह डर था, लेकिन अब नहीं है।”
फिलहाल, दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टेशनों पर दिल्ली पुलिस और आरएएफ के जवान तैनात हैं। पुलिसकर्मी सुरक्षा मार्च कर रहे हैं, जबकि हालात पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
उधर, सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बीच कुछ नागरिक दिल्ली पुलिस के समर्थन में खड़े हुए हैं। एक साइकिलिस्ट ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं पर्यावरण प्रेमी हूं और मैराथन रनर हूं। जैसे ही मुझे पता चला कि कॉकरोच, मक्खियां और मच्छर हमारे देश की राजधानी को गंदा करने वाले हैं, मैंने अपनी साइकिल उठाई और जंतर-मंतर के लिए निकल पड़ा। मैं दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर कॉकरोच को साफ करने में योगदान दूंगा, ताकि हमारी राजधानी साफ-सुथरी, सुंदर और हमेशा कॉकरोच, मक्खियों और मच्छरों से मुक्त रहे।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



