नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन ने शुक्रवार को बेंगलुरु एचएएल का दौरा किया। इस दौरान लाइफ साइंसेज, क्वांटम कंप्यूटिंग, अंतरिक्ष और रक्षा जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। इस दौरे का उद्देश्य भारत की प्रभावशाली तकनीकी क्षमताओं को देखना और डेनमार्क तथा भारत के बीच तकनीकी सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा करना था।
भारत में डेनमार्क के राजदूत रासमस एबिल्डगार्ड क्रिस्टेंसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत के एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में डेनमार्क की तकनीक अहम भूमिका निभा रही है। डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने बेंगलुरु स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) का दौरा किया, जहां डेनमार्क की कंपनी एचबीके की उन्नत परीक्षण तकनीकों का पहले से इस्तेमाल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह दौरा भारत और डेनमार्क के बीच रक्षा उद्योग में सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लार्स लोके रासमुसेन के साथ हुई सकारात्मक और उपयोगी बातचीत में दोनों देशों के बीच तकनीक, नवाचार और निवेश के क्षेत्रों में साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
जीवन विज्ञान (लाइफ साइंसेज), क्वांटम कंप्यूटिंग, अंतरिक्ष और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत और डेनमार्क के बीच सहयोग के कई नए अवसर मौजूद हैं। आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने की दिशा में कई रोमांचक संभावनाएं दिखाई दे रही हैं।
राजदूत रासमस ने बताया कि भारत के प्रमुख टेक हब में अंतरिक्ष, क्वांटम तकनीक और रक्षा के क्षेत्रों का जायजा लेते हुए मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि डेनमार्क भारतीय टेक प्रतिभाओं को आकर्षित कर सकता है।
दूतावास के अनुसार, मंत्री लोक्के रासमुसेन ने कहा, “आपके पास प्रतिभाओं का एक बहुत बड़ा भंडार है, जिनके पास ठीक वही कौशल हैं जिनकी डेनिश कंपनियों को तलाश है।”
राजदूत रासमस ने बताया कि लार्स लोक्के रासमुसेन शनिवार को बेंगलुरु दौरे के बाद शविवार को दिल्ली का दौरा करेंगे।
डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन रविवार को भारत यात्रा पर दिल्ली पहुंचेंगे। वे रात 12:25 बजे इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 11:30 बजे उनकी विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक होगी। बैठक के बाद डेनमार्क के विदेश मंत्री शाम 5:30 बजे दिल्ली से प्रस्थान करेंगे।
–आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



