राजद विधानसभा में आज मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का भोजनावकाश से पूर्व और उसके बाद भी हंगामा जारी रहा जिसके कारण सभा की कार्यवाही तीन बार स्थगित हुई ।
विधानसभा में भोजनावकाश से पूर्व राजद के सदस्यों ने गिट्टी और बालू संकट को लेकर हंगामा किया जिसके कारण सभा की कार्यवाही पहले 12 बजे दिन तक के लिए और दूसरी बार दो बजे दिन तक के लिए स्थगित करनी हुई । हंगामे के कारण भोजनावकाश से पूर्व निर्धारित प्रश्नोत्तरकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण नहीं हो सका। सभाध्यक्ष ने हंगामे के बीच कुछ विधायी कार्यों को निपटाने के बाद सभा की कार्यवाही करीब 12 बजकर सात मिनट पर दो बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी।
भोजनावकाश के बाद सदन में जल संसाधन विभाग के वित्त वर्ष 2017-18 के द्वितीय अनुपूरक विवरण में सम्मिलित अनुदान मांग पर वाद-विवाद और मतदान होना था। लेकिन, कार्यवाही शुरू होते ही बांध घोटाले को लेकर राजद सदस्यों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। इसपर सभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने सदस्यों से अपनी सीट पर बैठने का अनुरोध किया।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने इस वर्ष बाढ़ के दौरान तटबंध और बांध टूटने की घटना की चर्चा करते हुए जल संसाधन विभाग में इन कार्यों के लिए आवंटित राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कहा कि इस वर्ष भागलपुर के बटेश्वर गंगा पंप नहर की दीवार के साथ ही कई नदियों के तटबंध टूटे हैं। साथ ही इसके कारण कई लोग मारे भी गये। यह विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को प्रदर्शित करता है। यह राज्य का बहुत बड़ा घोटाला है।


Download Android App
Download iOS App



