परलाखेमुंडी : भाजपा प्रमुख अमित शाह ने ओडिशा के लोगों से कहा कि अंग्रेजीभाषी मुख्यमंत्री चुनने की ‘गलती’ नहीं दोहराएं। शाह 19 साल तक मुख्यमंत्री रहने के बावजूद कथित रूप से उड़िया भाषा नहीं बोल पाने के लिए नवीन पटनायक पर निशाना साध रहे थे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘इस रैली से लौटने के बाद अंग्रेजी बोलने वाले मुख्यमंत्री को नहीं चुनने का संकल्प लीजिएगा।
आप उड़िया हों या तेलुगू। लेकिन, इतना ध्यान रखिए अंग्रेजी बोलने वाले मुख्यमंत्री आपकी व्यथा और भावनाओं को नहीं समझ सकते।’’शाह ने ब्रहमपुर लोकसभा सीट के तहत परलाखेमुंडी और नबरंगपुर संसदीय क्षेत्र के तहत उमरकोट में ‘उत्कल दिवस’ पर दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया। शाह ने लोगों को उड़िया गौरव की याद दिलायी और लोगों को ऐसा मुख्यमंत्री चुनने को कहा जो उनकी भाषा को समझ पाएं और लोगों की भावनाओं को महसूस कर सकें। शाह ने कहा कि भाषा के आधार पर बंगाल-बिहार-उड़ीसा प्रांत से अलग ओडिशा राज्य बना।
उन्होंने लोगों को फिर वही गलती नहीं दोहराने की अपील करते हुए कहा कि आप काफी कुछ झेल चुके हैं । भाजपा अध्यक्ष ने कहा,‘‘मैं मतदाताओं से भुवनेश्वर में भाजपा को सरकार बनाने के लिए एक अवसर देने की अपील करता हूं। बीजद 19 साल से शासन कर रहा है, आप कांग्रेस को भी चुन चुके हैं। इस बार ओडिशा में भाजपा को मौका दें और हम इसे देश का नंबर एक राज्य बनाएंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



