DRDO और भारतीय नौसेना ने ‘नेवल एंटी शिप मिसाइल शॉर्ट रेंज’ का किया परीक्षण

Summary :

एनएएसएम-एसआर ने समुद्र में छोटे जहाज पर सटीक हिट कर दिखाया दम

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय नौसेना ने मंगलवार (25 फरवरी) को चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) से ‘नेवल एंटी शिप मिसाइल शॉर्ट रेंज’ (एनएएसएम-एसआर) का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।

इस परीक्षण ने मिसाइल की ‘मैन-इन-लूप’ क्षमता को प्रमाणित किया और उसने समुद्र में एक छोटे जहाज को अपने अधिकतम रेंज पर समुद्र में स्किमिंग मोड में सीधे निशाना साधते हुए सटीक हिट किया।

डीआरडीओ ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस सफल परीक्षण की जानकारी दी। डीआरडीओ ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने 25 फरवरी 2025 को चांदीपुर के आईटीआर से नौसेना एंटी शिप मिसाइल शॉर्ट रेंज (एनएएसएम-एसआर) का सफलतापूर्वक उड़ान परीक्षण किया। परीक्षणों ने मिसाइल की मैन-इन-लूप विशेषता को साबित कर दिया है और इसकी अधिकतम सीमा पर समुद्र-स्किमिंग मोड में एक छोटे जहाज के लक्ष्य पर सीधा प्रहार किया है।”

भारतीय नौसेना के लिए यह परीक्षण महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, क्योंकि इस मिसाइल की क्षमता ने यह साबित किया है कि यह किसी भी दुश्मन की जहाजी ताकत को प्रभावी तरीके से नष्ट करने में सक्षम है। एनएएसएम-एसआर मिसाइल, जो शॉर्ट रेंज की एंटी-शिप मिसाइल है, भारतीय नौसेना के बेड़े में एक मजबूत हथियार के रूप में जुड़ने के लिए तैयार है।इस मिसाइल की मैन-इन-लूप विशेषता ने इसे अत्यधिक सटीक और प्रभावी बना दिया है। परीक्षण के दौरान मिसाइल ने एक छोटे जहाज को सीधे निशाना बनाते हुए उसके खिलाफ जबर्दस्त प्रभावी हमला किया, जो कि मिसाइल की सटीकता और शक्तिशाली रेंज का प्रमाण है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.