Robert Vadra को ED का दूसरा समन, लैंड स्कैम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग में होगी पूछताछ

Summary :

वाड्रा को ईडी का दूसरा समन, हरियाणा लैंड स्कैम में पूछताछ

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा को प्रवर्तन निदेशालय ने हरियाणा लैंड स्कैम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दूसरी बार तलब किया है। वाड्रा की कंपनी पर धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप हैं।

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को दूसरी बार तलब किया। ईडी की ओर से वाड्रा को यह समन जमीन के सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में किया गया। हरियाणा लैंड स्कैम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने यह समन जारी किया है। वाड्रा को ईडी ने आज (मंगलवार) ही पूछताछ के लिए बुलाया है।

रॉबर्ट वाड्रा से हिरासत में पूछताछ की जरूरत पड़ सकती है : ईडी

ईडी ने रॉबर्ट वाड्रा को इस मामले में पहले भी समन भेजा था। जांच एजेंसी ने पिछली बार उन्हें समन भेजकर 8 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, वह ईडी दफ्तर नहीं पहुंचे थे।यह पूरा मामला साल 2018 का है। तौरू के रहने वाले सुरेंद्र शर्मा की शिकायत पर 1 सितंबर 2018 को गुड़गांव के खेरकी दौला थाने में यह केस दर्ज किया गया था।

रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी पर आरोप है कि उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की थी। इस मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को भी आरोपी बनाया गया है। आईपीसी की धारा 420, 120, 467, 468 और 471 के तहत इस मामले में केस दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद आईपीसी की धारा 423 के तहत नए आरोप जोड़े गए थे।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि वाड्रा की कंपनी ने फरवरी 2008 में गुड़गांव के शिकोहपुर में 3.5 एकड़ जमीन 7.5 करोड़ रुपये में ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज से खरीदी थी। कमर्शियल लाइसेंस पाने के बाद कंपनी ने उसी प्रॉपर्टी को डीएलएफ को 58 करोड़ रुपये में बेच दिया था। इसी मामले में ईडी वाड्रा की कंपनी पर वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.