दिल्ली सरकार द्वारा सात और आठ नवंबर को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित दूसरे मेगा जॉब फेयर पर जीएसटी और नोटबंदी का असर दिखाई दे रहा है। सरकार की कोशिशों के बावजूद इस वर्ष पिछले वर्ष के मुकाबले बेरोजगारों को नौकरी का विकल्प मिलने की संभावना नहीं है। इस संबंध में श्रम मंत्री गोपाल राय ने बताया कि रोजगार निदेशालय द्वारा 7 और 8 नवंबर को दूसरा विशाल रोजगार मेला त्यागराज स्टेडियम में आयोजित होता है। इस मेले का उद्घाटन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से नौकरी की इच्छा रखने वाले विभाग की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा मौके पर भी पंजीकरण हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मेले के लिए 350 से अधिक कंपनियों से बात की गई थी। इसमें सरकार की कोशिश के बाद अभी तक रोजगार मेले के लिए 69 कंपनियों ने विभाग की वेबसाइट पर स्वयं को पंजीकृत करवाया है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही अन्य कंपनियां भी इसमें शामिल हो सकती है। हमारा अनुमान है कि इस बार करीब 90 कंपनियां आ सकती है। इसमें करीब 5500 बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिल सकती है।


Download Android App
Download iOS App



