तिरुवनंतपुरम, 13 नवंबर (आईएएनएस)। अप्रैल के विधानसभा चुनावों में करारी हार और कई नए राजनीतिक व कानूनी मोर्चों पर चुनौतियों का सामना कर रही सीपीआई (एम) ने अब उस मोर्चे पर वापसी करने का फैसला किया है, जहां कभी उसका दबदबा हुआ करता था यानी सोशल मीडिया।
पार्टी एक आधुनिक ‘स्पेशल लीगल सेल’ तैयार कर रही है, जिसमें राज्य भर के विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसका काम फेक न्यूज, बदनाम करने वाले अभियानों और पार्टी व उसके नेताओं पर लगाए गए आरोपों से निपटना होगा।
इसके अलावा पार्टी ने ‘सूचना का अधिकार’ (आरटीआई) कार्यकर्ताओं की एक विशेष टीम भी बनाई है, जो आरटीआई कानून के जरिए सरकार पर कड़ी नजर रखेगी। यह कदम पार्टी के लिए एक मुश्किल दौर में उठाया गया है।
इससे पहले पिनाराई विजयन के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) को 140 सदस्यीय विधानसभा में केवल 35 सीटों पर सिमट जाना पड़ा था, जो पार्टी के इतिहास के सबसे बड़े झटकों में से एक था। इस हार के साथ ही लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहकर इतिहास रचने की उनकी उम्मीदें भी खत्म हो गई थीं।
2021 के चुनावों में एलडीएफ ने 99 सीटें जीती थीं, जबकि बाद में यह आंकड़ा घटकर सिर्फ 35 सीटों पर आ गया। चुनाव में मिली इस हार के बाद विजयन पर दबाव बढ़ता जा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में उनका, उनकी बेटी, उनके दामाद और सीपीआई (एम) विधायक पीए मोहम्मद रियास का नाम सामने आया है।
नई सरकार द्वारा लगाए गए नए आरोपों और शुरू की गई जांचों ने पार्टी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हालांकि पार्टी के भीतर विजयन के खिलाफ कोई खुला विद्रोह नहीं हुआ है, लेकिन इस हार और उसके बाद की घटनाओं ने संगठन पर उनकी उस पकड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे पहले कोई चुनौती नहीं दे सकता था।
पार्टी के अंदर बेचैनी बढ़ रही है, भले ही अभी तक किसी ने सार्वजनिक रूप से उनके नेतृत्व को चुनौती नहीं दी है।
इस बीच मुख्यमंत्री वीडी सतीशन पिछली सरकार से जुड़े कई विवादों की जांच को आगे बढ़ा रहे हैं। इनमें पब्लिक सर्विस कमीशन (पीएससी) भर्ती घोटाला, मेसी प्रकरण और स्वास्थ्य क्षेत्र में कथित अनियमितताएं शामिल हैं।
केरल विधानसभा में भाजपा की तीन सीटों पर जीत के बाद सीपीआई (एम) जनमत बनाने में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर काफी चिंतित नजर आ रही है। विडंबना यह है कि कभी इसी पार्टी ने विजयन की छवि बनाने और मतदाताओं तक पहुंचने के लिए इन प्लेटफॉर्म्स का काफी सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया था।
अब, जब इन्हीं प्लेटफॉर्म्स के जरिए आलोचनाएं और आरोप तेजी से फैल रहे हैं, तो पार्टी ने इस चुनौती का सामना करने के लिए एक व्यवस्थित कानूनी कदम उठाने का फैसला किया है। यह नया सेल इस बात का संकेत है कि सीपीआई (एम) न केवल राजनीतिक मैदान में, बल्कि डिजिटल स्पेस में भी लड़ाई के लिए तैयार हो रही है।
–आईएएनएस
एएसएच/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



