बेंगलुरु, 23 जून (आईएएनएस)। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पूर्वी बेंगलुरु में एक 37 वर्षीय पेइंग गेस्ट (पीजी) हॉस्टल के मालिक की मौत हो गई। आरोप है कि उन्होंने दो युवकों को अपने हॉस्टल के सामने शराब पीने से रोका था, जिसके बाद युवकों ने क्रिकेट बैट से उनकी पिटाई कर दी। गुस्से में आकर पीजी मालिक उन दो छात्रों को मारने के लिए बैट लेकर आए थे लेकिन छात्रों ने उनसे बैट छीन लिया और उसी से उनकी पिटाई कर दी।
यह घटना रामामूर्ति नगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में ओएमबीआर लेआउट इलाके में कस्तूरीनगर मेन रोड पर लक्ष्मी नरसिम्हा पीजी के पास शाम करीब 6 बजे से 6:30 बजे के बीच हुई।
मृतक की पहचान पीजी हॉस्टल के मालिक माधव माटले (37) के तौर पर हुई है। आरोपियों की पहचान राकेश (21), जो बी.कॉम के फ़ाइनल ईयर का छात्र है और डॉन ब्राइट (20), जो बीबीए के फ़र्स्ट ईयर का छात्र है, के तौर पर हुई है और उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया है। राकेश कम्मनाहल्ली के रहने वाले हैं और डॉन ब्राइट बेंगलुरु में जीवनहल्ली के रहने वाले हैं।
पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह घटना पीड़ित और आरोपी के बीच हुई बहस की वजह से हुई। शुरुआती जांच से पता चलता है कि जब कुछ युवक परिसर के अंदर नल के पानी से अपने पैर धो रहे थे, तो माधव ने उनकी इस हरकत पर आपत्ति जताई।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान स्थिति बिगड़ गई और मारपीट में क्रिकेट बैट का इस्तेमाल हुआ। पीड़ित माधव गुस्से में उन दो छात्रों को मारने के लिए पीजी हॉस्टल से क्रिकेट बैट ले आया। आरोप है कि आरोपियों ने उससे बैट छीन लिया और उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित को इलाज के लिए तुरंत ले जाया गया लेकिन चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हॉस्टल के सामने आरोपी के बर्ताव पर पीड़ित की आपत्ति के बाद यह हमला हुआ। घटना के बाद मामला दर्ज किया गया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच शुरू की। अधिकारी गवाहों के बयानों और अन्य सबूतों की जांच कर रहे हैं, ताकि हत्या से जुड़ी घटनाओं का सही क्रम पता लगाया जा सके।
इस मामले में आगे की जांच चल रही है।
–आईएएनएस
एसएचके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



