बडगाम, 14 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बडगाम रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,600 किलोग्राम संदिग्ध और सड़ा हुआ मांस जब्त किया है। यह मांस दिल्ली से ट्रेन के जरिए बडगाम पहुंचा था। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि कल दिल्ली से बडगाम पहुंची ट्रेन की फ्रंट वाली बोगी में यह खेप आई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम पार्सल पॉइंट पर पहुंची तो वहां सील तोड़ने की प्रक्रिया चल रही थी। नियम के अनुसार, सील केवल कंपनी का मालिक ही तोड़ सकता है, पुलिस नहीं। इसलिए पुलिस टीम मौके पर खड़ी होकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रही थी।
जांच के दौरान कुल 44 बॉक्स पाए गए। शुरुआत में पुलिस को यह नहीं पता था कि इन बॉक्स के अंदर क्या है। जब एक बॉक्स को खोलकर देखा गया तो उसमें मांस भरा हुआ था। बॉक्स पर बफेलो मीट लिखा हुआ था, लेकिन उसके साथ कोई वैध दस्तावेज नहीं थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति ट्रेन में मांस लेकर जा रहा है तो उसके पास प्रॉपर डॉक्यूमेंटेशन होना अनिवार्य है, लेकिन इस खेप के साथ ऐसा कोई कागज नहीं था। जिस डिब्बे में मांस लाया गया था, उसमें फ्रीजर सिस्टम ही नहीं था। स्लॉटर हाउस का सर्टिफिकेट नहीं था। वेटरनरी विभाग का सर्टिफिकेट भी नहीं था। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) का सर्टिफिकेट भी मौजूद नहीं था।
यह खेप किसी के नाम पर भी नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए धारा 271 के तहत एफआईआर दर्ज की। इस मामले की सूचना फूड डिपार्टमेंट को दी गई। सूचना मिलते ही फूड डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही तहसीलदार बडगाम भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर ही मांस की जांच की। जांच में मांस को खाने के लायक नहीं पाया गया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज इस 1,600 किलो मांस को नष्ट किया जाएगा। आशंका है कि यह मांस घाटी में अलग-अलग जगहों पर डिस्ट्रीब्यूशन के लिए लाया जा रहा था।
–आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



