नयी दिल्ली : उच्चतम न्यायालय के मौजूदा दूसरे वरिष्ठतम न्यायाधीश दीपक मिश्रा देश के नये मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) होंगे। मौजूदा मुख्य न्यायाधीश जगदीश सिंह केहर ने नये मुख्य न्यायाधीश के लिए न्यायमूर्ति मिश्रा के नाम की सिफारिश की है।
विधि एवं न्याय मंत्रालय के सूत्रों ने आज बताया कि विधि एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने न्यायमूर्ति केहर से नये मुख्य न्यायाधीश के नाम की सिफारिश मांगी थी। इसके बाद न्यायमूर्ति केहर ने पूर्व की परम्परा का पालन करते हुए उनके बाद सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश (न्यायमूर्ति मिश्रा) के नाम की सिफारिश की है। न्यायमूर्ति मिश्रा मौजूदा मुख्य न्यायाधीश का स्थान लेंगे, जो 27 अगस्त को सेवानविृत्त हो रहे हैं। न्यायमूर्ति मिश्रा का कार्यकाल दो अक्टूबर 2018 को समाप्त होगा।
पहले से चली आ रही परम्परा और उच्चतम न्यायालय एवं 24 उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों की नियुक्तियों, स्थानांतरण एवं पदोन्नति के लिए तैयार प्रक्रिया ज्ञापन (एमओपी) के तहत वरिष्ठतम न्यायाधीश को मुख्य न्यायाधीश बनाया जाता है। न्यायमूर्ति केहर के बाद न्यायमूर्ति मिश्रा सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश हैं।


Download Android App
Download iOS App



