भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आठ साल के एक बच्चे की स्कूल से अगवा कर हत्या के मामले में पुलिस ने कुछ समय पहले तक उसके होम ट्वीटर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। बच्चे के परिजन ने कल शव मिलने के बाद अपने पड़ौस में ही रहने वाले इस युवक विशाल रुपाणी (19) पर संदेह व्यक्त किया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे कल ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी थी।
देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बैरागढ़ थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंधों का है। युवक और बच्चे भरत (8) की मां दोनों से लगातार पूछताछ जारी है। वहीं कल बच्चे के परिजन ने आरोप लगाया था कि आरोपी युवक ने तीन दिन पहले बच्चे की मां सविता को धमकी दी थी। श्री अरजरिया ने बताया कि बच्चे का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिसके बाद शव परिजन को सौंप दिया जाएगा।
राजधानी के उपनगर बैरागढ़ निवासी परसराम महावर का एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला बच्चा भरत कल छुट्टी के बाद स्कूल से नहीं लौटा था। बच्चे की अपने स्तर पर तलाश करने के बाद परिजन ने बैरागढ़ पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कुछ ही देर बाद बैरागढ के पास एक बोरी में एक बच्चे की लाश बरामद हुई थी, जिसकी पहचान भरत के तौर पर हुई थी। बच्चे के जूते की लेस से ही उसका गला दबा कर नृशंस हत्या कर दी गई थी। परिजन ने इस बारे में स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



