Boyfriend Allegedly kills 23-year-old girlfriend : महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी ने वारदात के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए युवती के लापता होने की झूठी कहानी रची, लेकिन गहन पूछताछ में उसका सच सामने आ गया। मृतक युवती की पहचान तरन्नुम बशीर नाईक के रूप में हुई है, जो महागांव के एक इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा थी। वहीं आरोपी की पहचान 25 वर्षीय श्रीपाद दिनकर वडू के तौर पर हुई है। गारगोटी की अवधूत कॉलोनी में आमने-सामने रहने वाले दोनों युवाओं के बीच प्रेम संबंध था।
शादी तय होने पर बढ़ा विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि तरन्नुम की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिसके बाद उसने श्रीपाद से रिश्ते खत्म करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी तनाव चल रहा था।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी ने तरन्नुम को नाईकवाडी के पास मिलने बुलाया। वहां जब युवती ने दोबारा शादी का हवाला देकर संबंध आगे न बढ़ाने की बात दोहराई, तो गुस्से में आकर श्रीपाद ने उसे खाई में धकेल दिया।
पुलिस स्टेशन पहुंचकर रची साजिश
वारदात के बाद आरोपी खुद भुदरगड पुलिस स्टेशन पहुंचा और तरन्नुम के अचानक गायब होने की बात कही। हालांकि पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ और कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। घटना की खबर फैलते ही गारगोटी जिला अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। पुलिस फिलहाल मामले के सभी कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें – अजमेर के आजाद पार्क में नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ, विधि-विधान से स्थापित की गई मां दुर्गा की प्रतिमा


Download Android App
Download iOS App



