भोपाल : जनसम्पर्क, जलसंसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र की अध्यक्षता में रीवा में जिला योजना समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिये आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा उन्हें उपार्जित फसल का भुगतान समय पर करवाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले तथा सिलेण्डर की रिफिलिंग निकटतम स्थानों में हो।
बैठक में प्रभारी मंत्री डॉ. मिश्र ने कहा कि जिलों में जलसंरक्षण एवं संवर्धन के कार्य प्राथमिकता से करवाए जाएं। पुरानी जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने के भी कार्य भी समय पूर्व करवाये जायें। उन्होंने रीवा जिले में मिशन इन्द्रधनुष में बच्चों एवं गर्भवती माताओं के टीकाकरण कार्य में शत-प्रतिशत उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विद्युतीकरण के लक्ष्य को नियत समय में पूर्ण किये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस मौके पर उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल भी मौजूद थे। बैठक में मंत्रीद्वय ने प्रधानमंत्री असंगठित श्रमिक पंजीयन में जिले में 6 लाख 77 हजार 102 श्रमिकों द्वारा पंजीयन करवाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। पर्यटन विकास परिषद की बैठक: इस बीच प्रभारी मंत्री डॉ. मिश्र ने रीवा पर्यटन विकास परिषद की बैठक में वर्तमान पर्यटन स्थलों के साथ ही नवीन पर्यटन स्थलों के विकास के संबंध में चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि रीवा जिले के ऐतिहासिक एवं प्राचीन स्थलों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कर इन्हें पर्यटन सर्किल में जोड़ा जाए ताकि पर्यटक इन स्थलों का आसानी से भ्रमण कर सकें।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



