मथुरा, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना नदी में हुए नाव हादसे के बाद हालात अभी गंभीर बने हुए हैं। इस घटना ने कई परिवारों को गहरा सदमा दिया है। शनिवार को पंजाब से प्रशासन की एक टीम वृंदावन पहुंची, जहां उन्होंने हादसा स्थल का निरीक्षण किया और घायलों का हाल जाना। साथ ही लापता लोगों के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थिति भी देखी।
पंजाब से आए तहसीलदार रमेश सिंह ने बताया कि उनकी टीम यहां अपने क्षेत्र के लोगों की मदद के लिए पहुंची है। उन्होंने कहा कि जो लोग अस्पताल में भर्ती हैं, उनकी देखभाल करना उनकी पहली प्राथमिकता है। अगर किसी को किसी भी तरह की जरूरत होगी तो प्रशासन हरसंभव मदद करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय अधिकारियों से बातचीत की गई है, लेकिन फिलहाल फोकस घायलों के इलाज और उनकी स्थिति सुधारने पर है।
यह हादसा शुक्रवार दोपहर वृंदावन के केसी घाट पर हुआ था, जब श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक पलट गई। देखते ही देखते खुशी का माहौल मातम में बदल गया। अब तक इस हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सबसे दुखद बात यह है कि जान गंवाने वालों में लुधियाना का एक ही परिवार शामिल है, जिसने अपने 7 सदस्यों को इस हादसे में खो दिया।
वहीं, अब तक 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिसमें कुछ लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन अभी भी कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरी ताकत के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इसके अलावा स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है, ताकि जल्द से जल्द लापता लोगों का पता लगाया जा सके।
–आईएएनएस
पीआईएम/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



