इंदौर: मध्यप्रदेश के सहकारी दूध ब्रांड सांची के टैंकरों से दूध चुराकर उनमें रसायन से बनाये गये नकली दूध की मिलावट करने वाले गिरोह का पुलिस ने यहां भंडाफोड़ किया है। गिरोह के सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें एक दूध आपूर्तिकर्ता शामिल है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मनोज कुमार राय ने आज संवाददाताओं को बताया कि क्षिप्रा थाना क्षेत्र से कल देर रात पकड़ गये आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह, जसबीर सिंह, जोधा सिंह, राकेश, जीतेंद्र, जीतू सिंह और रफीक के रूप में हुई है।
सुखविंदर सांची के इंदौर स्थित संयंत्र में दूध आपूर्ति करता है। उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य हर रोज दूध के टैंकरों को संयंत्र के लिये रवाना करने से पहले मांगलिया क्षेत्र के सूने गोदाम में लाते थे। फिर इनमें से शुद्ध दूध की तय मात्रा निकालकर इसके स्थान पर रसायन से बना नकली दूध मिला देते थे।
चुराया हुआ दूध बाजार में बेच दिया जाता था। राय ने बताया कि इस गोरखधंधे से गिरोह के सदस्य सांची दूध के टैंकरों से हजारों लीटर दूध चुरा चुके हैं और इनमें नकली दूध की मिलावट से हजारों ग्राहकों का स्वास्थ्य और जान खतरे में डाल चुके हैं। राय ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह से सांची के इंदौर स्थित संयंत्र के कारिंदों की भी मिलीभगत है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



