मोदी सरकार के 11 साल पूरे, BJP ने बनाया ‘संकल्प से सिद्धि तक’ कार्यक्रम का प्लान

Summary :

मोदी सरकार के 11 साल पूरे, भाजपा की नई योजना

मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर भाजपा ने ‘संकल्प से सिद्धि तक’ कार्यक्रम की योजना बनाई है, जिसमें भारत की आर्थिक प्रगति और ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की सफलता को रेखांकित किया जाएगा। जेपी नड्डा के नेतृत्व में विभिन्न स्तरों पर प्रेस वार्ताएं और सभाएं आयोजित कर प्रधानमंत्री की उपलब्धियों का जश्न मनाया जाएगा।

केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी “संकल्प से सिद्धि तक” के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बुधवार को पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पत्र में लिखा, “मोदी सरकार के 11 साल ‘संकल्प से सिद्धि तक’ पर कार्यक्रम देश के यशस्वी एवं दूरदर्शी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उल्लेखनीय रूप से विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की ओर अग्रसर है। मोदी सरकार के 11 वर्ष अनेकों ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ पूरे हो रहे हैं, इस अवसर पर सभी देशवासी प्रधानमंत्री का कोटि-कोटि अभिनंदन कर रहे हैं।”

ऑपरेशन सिंदूर की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “सभी भारतवासी ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की सफलता के साथ सशक्त और समृद्धशाली भारत पर गौरवान्वित हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के दौरान हमारी सेनाओं ने जो पराक्रम दिखाया है, उससे हर हिन्दुस्तानी का सिर ऊंचा कर दिया है। जिस सटीकता के साथ हमारी सेनाओं ने सीमा पार के आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया, वह अद्भुत है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ ने दुनिया भर में आतंक के खिलाफ लड़ाई को नया विश्वास और उत्साह दिया है।”

उन्होंने बताया, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार, “मोदी सरकार के 11 साल ‘संकल्प से सिद्धि तक’ पर कई कार्यक्रम होंगे। प्रदेश समिति का गठन 29 मई तक किया जाना है। जिला समिति एवं मंडल समिति का गठन 3 जून तक किया जाना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा 7 या 8 जून को दिल्ली में एक प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। प्रदेश स्तर (9 जून) एवं जिला स्तर (10-11 जून) पर प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, साथ ही पीपीटी भी प्रदर्शित की जाएगी।

प्रत्येक जिले में प्रोफेशनल्स मीट आयोजित की जाएगी, जिसमें 3 वक्ता शासन संबंधित 3 विषयों पर अपनी बात रखेंगे (केवल प्रोफेशनल्स को ही आमंत्रित किया जाना चाहिए)। प्रत्येक मंडल पर ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित करनी है तथा विकसित भारत के लिए संकल्प लेना है।

शहरों में मोहल्ला चौपाल और ग्राम पंचायत केंद्रों में पंचायत चौपाल आयोजित की जानी चाहिए। यहां विकसित भारत का संकल्प भी लिया जाना चाहिए। प्रत्येक विधानसभा में केन्द्र प्रायोजित योजनाओं हेतु पंजीकरण शिविर लगाए जाने चाहिए।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत योजना का पंजीकरण 100 प्रतिशत सुनिश्चित करने हेतु घर-घर जाना चाहिए। विधायकों, पूर्व विधायकों, पार्षदों, जिला परिषद सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों को इस कार्यक्रम में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।

पीएम मोदी के आह्वान के बाद 10 हजार से अधिक संगठनों ने योग संगम के लिए कराया पंजीकरण

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.