Mumbai Crime: मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां झाड़ियों में एक विवाहिता महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी। मृतका की पहचान आमिना इब्राहिम सिद्दीकी के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, आमिना घाटकोपर के कामराज नगर इलाके में अपने पति इब्राहिम सिद्दीकी और चार बच्चों के साथ रहती थी। उसका पति पेशे से ड्राइवर है। घटना वाले दिन आमिना की भाभी उसके घर आई थी। इसके बाद दोनों किसी काम से बाहर निकलीं। काम पूरा करने के बाद दोनों घर के लिए साथ रवाना हुईं, लेकिन देर रात तक आमिना घर नहीं लौटीं।
झाड़ियों में मिला महिला का शव
आमिना के घर न पहुंचने पर उनके पति ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने पंत नगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान कामराज नगर इलाके की झाड़ियों में आमिना का शव मिला। उसके गले पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव के निशान थे। सूचना मिलते ही पंत नगर पुलिस और स्थानीय क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। आमिना को तुरंत नजदीकी राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Mumbai Crime: अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि यह हत्या आपसी रंजिश का नतीजा हो सकती है, हालांकि हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस गंभीर मामले को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया है।

स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच को समानांतर जांच के निर्देश दिए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग दिशाओं में जांच कर रही हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतका के अंतिम संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
ALSO READ: Delhi To Katra Special Train: नए साल अवसर पर दिल्ली से कटरा के बीच विशेष ट्रेन चलाएगी इंडियन रेलवे


Download Android App
Download iOS App




