Myanmar Training camp case : मैथ्यू वैनडाइक दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश

Summary :

अपने देश से डिजिटल माध्यम से जुड़े वैनडाइक ने अदालत को बताया कि उनके पास 21 अक्टूबर का भारत वापसी का एयर टिकट मौजूद है और वह तय समय पर प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट के समक्ष हाजिर होंगे।

Myanmar Training camp case

Myanmar Training camp case : म्यांमार ट्रेनिंग कैंप मामले के आरोपी अमेरिकी सिटिजन मैथ्यू एरॉन वैनडाइक मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। अपने देश से डिजिटल माध्यम से जुड़े वैनडाइक ने अदालत को बताया कि उनके पास 21 अक्टूबर का भारत वापसी का एयर टिकट मौजूद है और वह तय समय पर प्रत्यक्ष रूप से कोर्ट के समक्ष हाजिर होंगे।

अदालत ने इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी की चार्जशीट पर विचार करने के लिए अगली सुनवाई की तारीख 23 अक्टूबर तय की है।

पेश की गई छूट की अर्जी

इस मामले में 6 यूक्रेनी नागरिक भी आरोपी हैं, जिन्हें कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद एक महीने के लिए विदेश जाने की छूट दी गई थी। सभी आरोपी फिलहाल डिफॉल्ट बेल पर बाहर हैं। मंगलवार को सुनवाई के दौरान यूक्रेनी नागरिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश नहीं हो सके, जिसकी जगह उनकी ओर से हाजिरी से छूट की याचिका दाखिल की गई।

UAPA की धाराएं न लगाने पर मिली थी डिफॉल्ट बेल

जांच एजेंसी NIA ने 8 सितंबर को इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि, इसमें गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) की धाराएं नहीं जोड़ी गई थीं, बल्कि केवल इमिग्रेशन और फॉरेनर्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किए गए थे। चूंकि एनआईए 180 दिनों की वैधानिक अवधि के भीतर UAPA के तहत जांच पूरी नहीं कर सकी थी, इसलिए कोर्ट ने 1-1 लाख रुपये के मुचलके पर आरोपियों को डिफॉल्ट बेल दे दी थी।

एनआईए की ओर से पेश वकील अमित रोहिला ने अदालत को सूचित किया कि मामले की आगे की जांच जारी है और UAPA के तहत कोई अपराध बनता है तो सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की जाएगी।

यह भी पढ़ें – राहुल गांधी का बालाघाट दौरा, मृत आदिवासी बच्चों के परिवारों से करेंगे मुलाकात

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।