कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने के एक दिन बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू यहां सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) अध्यक्ष 23 मई को लोकसभा परिणाम से पहले भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने के अपने प्रयासों के तहत ममता से मुलाकात करेंगे।
एक उच्च पदस्थ सूत्र ने बताया, ‘‘नायडू आज (सोमवार) दोपहर बाद पश्चिम बंगाल सचिवालय में ममता बनर्जी के साथ बैठक करेंगे। दोनों ‘महागठबंधन’ की रणनीतियों पर वार्ता करेंगे।’’ सूत्र ने बताया कि ऐसी संभावना है कि वह ममता के साथ वार्ता के दौरान सप्ताहांत में नयी दिल्ली में अन्य दलों के नेताओं के साथ हुई अपनी बैठकों के बारे में जानकारी देंगे।
नायडू ने रविवार को सोनिया गांधी, राहुल गांधी, नेशनल कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी से बातचीत की। उन्होंने शनिवार को बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमों मायावती और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की।
एग्जिट पोल : तमिलनाडु में द्रमुक गठबंधन को मिल सकती है भारी जीत
ममता बनर्जी ने एक्जिट पोल को ‘‘अटकलबाजी’’ करार देते हुए कहा था कि उन्हें ऐसे सर्वेक्षणों पर भरोसा नहीं क्योंकि इस “रणनीति” का इस्तेमाल ईवीएम में “गड़बड़ी” करने के लिए किया जाता है। अधिकतर एक्जिट पोल ने अनुमान जताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक और कार्यकाल के लिए देश की कमान संभालेंगे। कुछ एक्जिट पोल के अनुमान के अनुसार भाजपा नीत राजग 300 से अधिक सीट जीतेगा।


Download Android App
Download iOS App




