देहरादून, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुआंवाला में भाजपा के संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ की बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के नए संगठनात्मक नेताओं के अनुभव से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रभारी राम माधव का जिक्र करते हुए कहा, “हमारे प्रभारी राम माधव के पास बहुत अधिक अनुभव है। उन्होंने कई राज्यों में काम किया है। उनके पास राजनीतिक और सामाजिक कार्यों का अच्छा अनुभव है। इससे राज्य में संगठन को बढ़ाने में मदद मिलेगी और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलेगी।”
उन्होंने अरविंद मेनन को लेकर कहा कि वह युवा और ऊर्जावान हैं। उन्होंने कहा, “इन सभी के आने से संगठन में ऊर्जा आई है और संगठन को बढ़ाने में हमें इनसे काफी मदद मिलने वाली है।”
एसआईआर को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह चुनाव आयोग की प्रक्रिया है और ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पहले भी होती रही है। नियम कानून से देश चलेगा और किसी के जोर-जबरदस्ती से देश नहीं चलने वाला है।
उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया। सीएम धामी ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना, ईवीएम को दोषी ठहराना और न्यायालयों पर सवाल उठाना विपक्ष की आदत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के बाहर जाकर देश को गलत बताना, अजीत डोभाल पर टिप्पणी करना और बिपिन रावत के बारे में अशोभनीय बातें करना ही इनका काम रह गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है, इसलिए वह हर मुद्दे पर सवाल उठा रही है।
उन्होंने कहा, “ये सिर्फ विरोध करने के लिए विरोध कर रहे हैं। इसमें कोई वास्तविकता नहीं है और धरातल पर इसमें कोई सच्चाई नहीं है।”
धामी ने कहा कि चुनाव आयोग के तीनों आयुक्तों की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया जा चुका है और उनके बीच किसी तरह का कोई भ्रम नहीं है।
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, “हमारी सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक थी। चुनाव से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई। सभी मोर्चों ने अभी तक किए गए कार्यक्रमों की संख्या की जानकारी दी। इसके साथ ही भविष्य में पार्टी की ओर से अलग-अलग मोर्चों को दिए गए कार्यक्रमों पर भी हमने चर्चा की।”
महेंद्र भट्ट ने कहा, “मैं कह सकता हूं कि हमारे सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ 2027 के लिए तैयार हैं। 2027 में हर एक कार्यकर्ता पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।”
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कार्यकर्ताओं के जरिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, व्यापारी वर्ग और पूर्व सैनिकों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



