छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पंचायत चुनाव, सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए

Summary :

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में महिलाओं की भागीदारी

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और गीदम ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो चुका है। जिले में प्रथम चरण के तहत कुल 100 पंचायतों में सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई, जो दोपहर 2 बजे तक चलेगी। मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है, जिसमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। चुनाव के मद्देनजर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

दंतेवाड़ा ब्लॉक में 87 और गीदम ब्लॉक में 111 मतदान केंद्रों में वोटिंग हो रही है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने जानकारी दी कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी चार ब्लॉकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए डीआरजी, सीआरपीएफ और पुलिस बल के साथ दंतेश्वरी महिला कमांडो टीम को भी तैनात किया गया है।ज्ञात हो कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2024-25 के पहले चरण के लिए रविवार को मतदान दलों को आवश्यक सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया था। इस दौरान रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों ने उम्मीदवारों और उनके एजेंटों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम से मतपेटियां, मतपत्र और अन्य मतदान सामग्री देकर मतदान दलों को बूथों के लिए रवाना किया।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को एकतरफा हराया था। राज्य के 14 में से 10 नगर निगमों में कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत पाई। सभी 10 महापौर के पद पर भाजपा के उम्मीदवारों ने विजय प्राप्त की। दुर्ग, कोरबा, धमतरी, राजनांदगांव, बिलासपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, रायगढ़ और चिरमिरी नगर निगमों में भाजपा ने विजय प्राप्त की है। 49 नगर पालिका परिषदों में से 35 पर भाजपा के उम्मीदवार विजेता रहे हैं, जबकि कांग्रेस 8, आम आदमी पार्टी 1 और 5 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। 114 नगर पंचायतों की बात करें तो भाजपा के 81, कांग्रेस के 22, बसपा के 1 और 10 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी हुए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.