प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लिखित ’’एक्जाम वॉरियर्स’’ का ताजा संस्करण जल्द ही बाजार में उपलब्ध होगा। इस नए संस्करण में छात्रों के माता-पिता के लिए मंत्र, मानसिक स्वास्थ्य जैसे अहम विषयों पर जागरूकता और समय प्रबंधन जैसे विषयों को भी समाहित किया गया है। पेंगुइन रेंडम हाउस इंडिया की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि इस पुस्तक में कोरोना महामारी के प्रभावों और उससे छात्रों के सामने आई बाधाओं और अनिश्चितताओं और बदलती हुई परिस्थितियों का ऊभी उल्लेख है।
पिछले महीने‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम में मोदी ने इस नये संस्करण की घोषणा करते हुए कहा था, ‘‘इस कोरोना के समय में, मैंने, कुछ समय निकालकर एक्जाम वॉरियर पुस्तक में भी कई नए मंत्र जोड़ दिए हैं। अब इसमें माता-पिता के लिए भी कुछ मंत्र जोड़े गए हैं। इन मंत्रों से जुड़ी ढ़ेर सारी मजेदार गतिविधियां नरेन्द्र मोदी एप पर दी हुई है, जो आपके अंदर के एक्जाम वॉरियर को मजबूत करने में मदद करेंगी।’’प्रकाशकों के मुताबिक नये संस्करण में छात्रों को कक्षा के भीतर और बाहर जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है उससे मुकाबले के व्यवस्थित तरीके से अवगत कराएगी।
इसमें अपने बारे में खोज करने, समय का प्रबंधन करने, प्रौद्योगिकी और लक्ष्य निर्धारित करने के तौर तरीकों पर भी गौर किया गया है।इस संस्करण में छात्रों और शिक्षकों के लिए लेखक और हमारे प्रधानमंत्री की ओर से एक विशेष और कारगर संबोधन भी रहेगा। “एक्जाम वॉरियर्स’’ का पहला संस्करण 2018 में प्रकाशित हुआ था। परीक्षा के तनाव को दूर करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने इस पुस्तक में कई मंत्र दिए थे। यह 15 भाषाओं में प्रकाशित हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



