पंजाब: गुरदासपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला पुलिसकर्मी का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Summary :

गुरदासपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के गुरदासपुर में एक पुलिसकर्मी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या किए जाने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर के गांव माण कौर बाईपास के नजदीक पुलिसकर्मी का शव बरामद हुआ। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई, जो हेड कांस्टेबल पद पर तैनात थे। इस बारे में सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची…

गुरदासपुर, 16 नवंबर (आईएएनएस)। पंजाब के गुरदासपुर में एक पुलिसकर्मी का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या किए जाने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर के गांव माण कौर बाईपास के नजदीक पुलिसकर्मी का शव बरामद हुआ। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई, जो हेड कांस्टेबल पद पर तैनात थे। इस बारे में सूचना मिलने के बाद पंजाब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को कथित तौर पर गोली लगी हुई थी। वहीं, परिवार का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने हेड कांस्टेबल विनोद को गोली मारी है।

गौरतलब है कि पिछले तीन महीने में पंजाब में कई पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया है। अक्टूबर में पंजाब के तरनतारन जिले में एएसआई इकबाल सिंह की हत्या की गई थी। बताया गया कि उन्हें सरहाली थाना क्षेत्र के नौशहरा पन्नुआ गांव के पास गोली मारी गई थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शूटर अपनी बाइक छोड़कर एक कार में फरार हो गए थे।

अक्टूबर के पहले सप्ताह में अमृतसर में ड्यूटी से घर लौट रहे रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) सुखचैन सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था। तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने एएसआई पर फायरिंग की, जिसमें वे घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया था कि एएसआई सुखचैन सिंह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। उनका घर अजनाला थाना क्षेत्र के जगदेव खुर्द गांव में स्थित है। जैसे ही वे नहर के पास अपने गांव के नजदीक पहुंचे, मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने, जिनमें सुखचैन सिंह भी मोटरसाइकिल पर थे, उन पर करीब से गोली चलाई। गोली उनके बाएं कंधे पर लगी और आर-पार हो गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वहीं, 18 सितंबर को पंजाब के अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या हुई। उन्हें गेट हकीमा इलाके में रात में ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी थी। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एएसआई हरजीत सिंह को गोली मारने के बाद मौके पर लौटकर 30-40 सेकंड का एक वीडियो बनाया था। बाद में पुलिस ने इस हत्याकांड में एक आरोपी को एनकाउंटर में ढेर किया था।

–आईएएनएस

डीसीएच/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.