नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोन टैपिंग कराने के आरोप को लेकर सत्ता और विपक्ष के नेताओं के बीच जुबानी जंग जारी है। भाजपा जहां राहुल गांधी के आरोपों को बेबुनियाद और साक्ष्यहीन बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बता रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री बनवारी लाल वर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जिस तरह के आरोप आज लगा रहे हैं, वह ऐसे आरोप पहले भी लगाते रहे हैं। उनके पास कोई साक्ष्य नहीं होता है। उनके सारे आरोपों की हवा निकल जाती है। सदन चलता है तो उनमें डिबेट करने की हिम्मत नहीं पड़ती है। कहने और करने में बहुत अंतर होता है। जब तक राहुल गांधी के पास कोई साक्ष्य नहीं हो, तब तक उन्हें ऐसे खोखले आरोप नहीं लगाने चाहिए। देश की जनता सब देखती है और समय आने पर जवाब भी देती है।”
बनवारी लाल वर्मा ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, “मैं सरकार और पीएम मोदी का आभारी हूं कि करोड़ों लोग गरीबी के दलदल से वापस आए हैं। मैं स्वयं किसान का बेटा हूं और अच्छी तरह से जानता हूं कि किसानों की स्थिति पहले कैसी होती थी। आज किसान कितना संपन्न है और कितनी मजबूत स्थिति के साथ काम कर रहा है।”
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर उन्होंने कहा, “सभी का स्वागत है। चुनाव में कोई भी पार्टी लड़ सकती है, कोई भी गठबंधन लड़ सकता है लेकिन 2027 के चुनाव में भाजपा का किसी से कोई मुकाबला नहीं है। भाजपा बहुत आगे है। भाजपा की न कोई बी टीम है और न ही सी टीम है। भाजपा अपने सहयोगी दलों को साथ लेकर एक बार फिर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।”
दूसरी ओर, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने राहुल गांधी के आरोप का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है कि विपक्ष के नेता को देश की जनता को यह बताना पड़े कि उनका फोन टैप किया जा रहा है। भाजपा और पीएम मोदी सरकार को यह समझना चाहिए कि पहले उन्होंने पेगासस के जरिए लोगों के राज जानने की कोशिश की, जब वह सफल नहीं हो पाया तो वे अब फोन टैप करा रहे हैं, जो शर्मनाक है।”
राहुल गांधी के एक अन्य बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा, “यह अच्छी बात है, खुशी की बात है कि भाजपा में कुछ पढ़े-लिखे लोग हैं जो किताबें पढ़ रहे हैं। जाहिर है कोई भी पढ़ा-लिखा व्यक्ति जो किताब पढ़ता है, उसे खुशी ही होगी क्योंकि यह एक बेहतरीन किताब है। इससे यह भी पता चलता है कि भाजपा में कुछ पढ़े-लिखे लोग मौजूद हैं।”
इसी दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने मौलाना अबुल कलाम आजाद को भी याद किया। उन्होंने कहा, “महान स्वतंत्रता सेनानी, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारत रत्न से सम्मानित और देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद का देश के प्रति और यहां शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना में जो योगदान है, वह बेमिसाल है। अल्पसंख्यक विभाग हर साल उन्हें याद करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित करता है। इस बार, हमने उनकी जयंती, 11 नवंबर को जिला-स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए और आज हम राष्ट्रीय स्तर पर एक सेमिनार कर रहे हैं। हम मौलाना आजाद और नेहरू के सपनों के भारत को संजोने और उसे आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।”
–आईएएनएस
एससीएच/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



