डेटा लीक मामले में राहुल ने साधा NAMO ऐप पर निशाना, PMO का पलटवार

Summary :

NULL

फेसबुक डेटा लीक मामले को लेकर कांग्रेस मोदी सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है। वही, इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सुबह एक ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने फ्रांस के एक हैकर के ट्वीट पर आधारित खबर को शेयर किया है। एलियट एल्डर्सन नाम के इस हैकर ने अपने ट्वीट में दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐप डाउनलोड करने वाले लोगों की व्यक्तिगत जानकारी किसी तीसरी पार्टी के साथ साझा की गई हैं।

 इसपर राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में पीएम नरेंद्र मोदी को निशाना बनते हुए उन पर तंज कसा है। राहुल ने लिखा है, ‘हाय, मेरा नाम नरेंद्र मोदी है। मैं भारत का प्रधानमंत्री हूं। जब आप मेरे आधिकारिक ऐप पर लॉग इन करते हैं तो मैं आपकी सारी जानकारी अमेरिकी कंपनियों के अपने दोस्तों को दे देता हूं।’

राहुल के इस ट्वीट के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी पलटवार किया है। पीएमओ की तरफ से कहा गया है कि राहुल गांधी और कांग्रेस को टेक्नोलॉजी की जानकारी नहीं है। दरअसल, हाल में ये खुलासा हुआ है कि फेसबुक ने अपने यूजर्स की जानकारी कैंब्रिज एनालिटिका नाम की कंपनी को दी। जिसका भारत में राजनीतिक दलों ने इस्तेमाल किया।

बता दें कि कैंब्रिज एनालिटिका पर 2016 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में फेसबुक के करीब पांच करोड़ उपयोगकर्ताओं की जानकारियों के दुरुपयोग का भी आरोप है। हालांकि केंद्र सरकार ने 23 मार्च को इस संबंध में कैंब्रिज एनालिटिका को नोटिस भी जारी किया है। सरकार ने कैंब्रिज एनालिटिका से पूछा है कि क्या वह भारतीयों के डेटा दुरुपयोग और उनके मतदान करने के तरीके को प्रभावित करने में शामिल थे। कंपनी से 31 मार्च तक जवाब मांगा गया है।

देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।

Desk Team